बारिश का सितमः 25 राज्यों में लगातार बरस रहे मेघ! गुजरात में बाढ़ जैसे हालात के बीच स्कूल-कॉलेज बंद, तीन राज्यों में हाई अलर्ट
नई दिल्ली। मानसून की दस्तक के साथ ही देशभर में बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही बारिश अब आफत बनती जा रही है। मौसम विभाग की मानें तो देशभर के 25 राज्यों में बारिश का दौर जारी है। हिमाचल से लेकर केरल तक भारी बारिश हो रही है। गुजरात में बारिश से हालात भयावह बनते जा रहे हैं, जलभराव के चलते लोगों की मुश्किलें बढ़ गयी हैं। हांलाकि शासन-प्रशासन स्तर पर राहत कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है कि लेकिन यहां अधिकांश इलाके जलमग्न हो गए हैं। गुजरात के दक्षिण और मध्य के 6 जिले छोटा उदेपुर, डांग, नर्मदा, वलसाड, नवसारी और पंचमहाल में बाढ़ के कारण स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। सबसे ज्यादा नवसारी और वलसाड जिले प्रभावित हुए हैं। उधर मौसम विभाग ने राजस्थान, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश में भी बारिश का हाई अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली-एनसीआर में भी सोमवार सुबह से भारी बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने कहा है कि मध्यप्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, तेलंगाना समेत 25 राज्यों में भारी बारिश के आसार हैं। महाराष्ट्र में एक जून से अब तक बारिश और बाढ़ से हुए हादसों में 76 लोगों की जान जा चुकी है। पिछले 24 घंटे में ही 9 लोग मारे गए हैं। महाराष्ट्र के रत्नागिरि समेत 4 जिलाें में ऑरेंज और 8 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
गुजरात में मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक गुजरात में भारी बारिश की भी संभावना जताई है। फिलहाल NDRF की 13 और SDRF की 16 प्लाटून की टीमें तैनात की गई हैं। वडोदरा से SDRF की 1 प्लाटून मदद के लिए छोटा उदयपुर भेजी गई है।
भोपाल में पिछले 24 घंटे में 5 इंच पानी गिरा। पूरे प्रदेश के हालात देखें तो नर्मदापुरम में तवा डेम का जलस्तर 3 फीट तक बढ़ गया। नर्मदा के जलस्तर में भी दो से ढाई फीट की बढ़त हुई है। विदिशा में 24 घंटे में 8 इंच बारिश होने के कारण प्रशासन ने स्कूलों की छुट्टी कर दी है। प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश छिंदवाड़ा के सौसर में हुई। यहां 9 इंच पानी गिरा है। छिंदवाड़ा में 2 इंच बारिश हुई।
मौसम विभाग ने रविवार को केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और महाराष्ट्र के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक केरल के चार जिले कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड में अगले 24 घंटों में भारी के बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। तेलंगाना और महाराष्ट्र शनिवार से रेड अलर्ट पर हैं।