मसूरी-धनोल्टी मार्ग पर सनसनी: होमस्टे में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मुंह से निकला खून, कमरे में मिले निशान
मसूरी। मसूरी-धनोल्टी मार्ग पर स्थित कियाना टिपरीधार क्षेत्र के एक होमस्टे में ठहरे नवविवाहित दंपती में से एक 27 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। एंबुलेंस के फार्मासिस्ट ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। मृतका के मुंह से खून निकला हुआ था और कमरे में भी खून के निशान पाए गए हैं, जिससे पुलिस इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है।
मसूरी के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मृतका की पहचान पी. राधा गायत्री (27 वर्ष) पत्नी सौम्या श्रीचरण के रूप में हुई है, जो मूल रूप से शकरपुर, पूर्वी दिल्ली के रहने वाले हैं। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि यह दंपती बीती 13 जून को दिल्ली से ऋषिकेश पहुंचा था और 14 जून की रात करीब 11:30 बजे वे इस होमस्टे में ठहरे थे। रात करीब 3:30 बजे दोनों अपने कमरे में सोने चले गए थे। सुबह जब पति की आंख खुली, तो उसने देखा कि उसकी पत्नी बेसुध पड़ी थी और उसके मुंह से खून निकल रहा था। घबराए पति ने तुरंत इसकी सूचना होमस्टे प्रबंधन और पुलिस को दी। पुलिस जांच के अनुसार, सौम्या श्रीचरण और पी. राधा गायत्री का विवाह पिछले साल 8 नवंबर 2025 को हुआ था। शादी के अभी कुछ ही महीने हुए थे। दोनों ही इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी क्षेत्र में कार्यरत थे। पति पुणे में जबकि मृतका राधा गुरुग्राम (गुड़गांव) की एक कंपनी में नौकरी करती थी। दोनों कुछ दिन पहाड़ों में छुट्टियां बिताने के लिए उत्तराखंड आए थे, लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। कमरे के भीतर खून के निशान मिलने के बाद पुलिस मामले के सभी पहलुओं और हर संभावित एंगल की बारीकी से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने घटना की आधिकारिक सूचना मृतका के माता-पिता और परिजनों को दे दी है, जो विशाखापट्टनम (आंध्र प्रदेश) से मसूरी के लिए रवाना हो चुके हैं। परिजनों के पहुंचने और उनके बयानों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस होमस्टे के कर्मचारियों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।