हरिद्वार में सनसनीखेज वारदात: अवैध संबंधों के चलते पत्नी और बेटी ने रची खौफनाक साजिश, तकिये से घोंटा पति का दम
हरिद्वार। धर्मनगरी के श्यामपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लाहड़पुर में बीते दिनों हुई एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। जिसे शुरुआत में 'आत्महत्या' बताया जा रहा था, वह दरअसल ठंडे दिमाग से की गई एक क्रूर हत्या निकली। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि मृतक बबलू की पत्नी पूजा ने अपनी नाबालिग बेटी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि नाबालिग बेटी को बाल सुधार गृह भेजा गया है।
मायापुर स्थित कार्यालय में शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी सिटी अभय सिंह ने मामले का विवरण साझा किया। उन्होंने बताया कि 2 अप्रैल को पूजा ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसके पति बबलू ने अत्यधिक शराब पीने के बाद जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली है। हालांकि, मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम को मामला संदिग्ध लगा। इसी बीच मृतक के भाई राजू ने अपनी भाभी और भतीजी के खिलाफ हत्या की तहरीर दी, जिसमें बिजनौर निवासी एक युवक मोंटी का भी नाम शामिल था। इंस्पेक्टर मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में जब पुलिस ने गहराई से पड़ताल की, तो सबसे अहम सुराग मृतक के छोटे बेटे से मिला। बच्चे ने पुलिस को बताया कि उसकी मां और बहन ने मिलकर पिता के मुंह पर तकिया रखकर उन्हें मार डाला। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी पत्नी पूजा टूट गई और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसका बिजनौर निवासी मोंटी से और उसकी बेटी का भी एक अन्य युवक से प्रेम प्रसंग था। बबलू को इसका पता चल गया था और वह विरोध स्वरूप शराब पीकर उनके साथ मारपीट करता था, जिससे तंग आकर उन्होंने उसे रास्ते से हटाने का फैसला किया। पूछताछ में सामने आया कि 1 अप्रैल की रात योजना के अनुसार पूजा ने बबलू की शराब में नींद की गोलियां मिला दीं। जब वह बेहोश हो गया, तो मां-बेटी ने दुपट्टों से उसके हाथ-पैर चारपाई से बांध दिए। इसके बाद तकिये से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। जुर्म को आत्महत्या का रूप देने के लिए उन्होंने शव को दूसरे कमरे में शिफ्ट किया और मृतक के मुंह में सल्फास का घोल डाल दिया। अगले दिन सुबह पूजा ने खुद थाने पहुंचकर पति के गायब होने और बाद में जहर खाकर जान देने की झूठी कहानी रची। पुलिस ने मौके से सल्फास का पैकेट, शराब का खाली पाउच, स्टील का गिलास, दुपट्टे और तकिया बरामद कर लिया है। एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस अब इस मामले में महिला के प्रेमी मोंटी की भूमिका की भी सघनता से जांच कर रही है। यदि साक्ष्य मिलते हैं, तो उसकी भी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। इस घटना ने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया है, जिससे क्षेत्र में भारी रोष और चर्चा का माहौल है।