• Home
  • News
  • Sensational incident: First, the teenager was murdered and his body hidden! Then, a ransom message of 30 lakh rupees was sent to his mother using his mobile phone. The revelation sparked anger in the village.

सनसनीखेज वारदातः पहले किशोर का कत्ल कर छिपाई लाश! फिर उसी के मोबाइल से मां को भेजा 30 लाख की फिरौती का मैसेज, खुलासे के बाद गांव में फूटा गुस्सा

editor
  • Awaaz Desk
  • April 09, 2026 09:04 AM
Sensational incident: First, the teenager was murdered and his body hidden! Then, a ransom message of 30 lakh rupees was sent to his mother using his mobile phone. The revelation sparked anger in the village.

जालौन। उत्तर प्रदेश के जालौन से एक सनसनीखेज और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, यहां उरई क्षेत्र में छोटे भाई के साथ हुए कुकर्म का विरोध करना एक 17 वर्षीय किशोर को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा। आरोपियों ने न सिर्फ उसकी हत्या कर दी, बल्कि शव को पशुबाड़े में दफनाकर परिजनों से 30 लाख रुपये की फिरौती भी मांगी। घटना माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की है। जानकारी के अनुसार मृतक किशोर ने हाल ही में 12वीं की परीक्षा दी थी। बताया जा रहा है कि करीब पांच महीने पहले उसके छोटे भाई के साथ गांव के ही कुछ युवकों ने अनैतिक कृत्य किया था, जिसकी जानकारी बड़े भाई को नहीं थी। 25 मार्च को जब किशोर को इस घटना का पता चला, तो वह आरोपियों के घर उलाहना देने पहुंचा। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने तलाश के बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। अगले ही दिन किशोर की मां के मोबाइल पर एक मैसेज आया, जिसमें 30 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई और बेटे को सुरक्षित वापस करने की बात कही गई। परिजनों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी, लेकिन फिर भी कार्रवाई में देरी होती रही। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई नहीं की और यहां तक कि एक दरोगा पर पैसे मांगने का भी आरोप लगाया गया है। बाद में 1076 पर शिकायत करने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और सर्विलांस के जरिए आरोपियों तक पहुंची। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि 25 मार्च को ही उन्होंने कांच की बोतल से हमला कर किशोर की हत्या कर दी थी और शव को बोरी में भरकर पशुबाड़े में दफना दिया था। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर शव का कंकाल बरामद किया। घटना के खुलासे के बाद गांव में आक्रोश फैल गया और लोगों ने हंगामा किया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने परिजनों को सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। यह मामला न सिर्फ एक जघन्य अपराध को उजागर करता है, बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।


संबंधित आलेख: