• Home
  • News
  • Sensational murder in the capital, Dehradun: Late-night killing of a lawyer inside his home sparks an uproar! Protests held with the body placed on the road; pressure mounts on the police to quickly solve the case and make arrests.

राजधानी देहरादून में सनसनीखेज हत्याकांड: देर रात घर के भीतर अधिवक्ता की हत्या से मचा हड़कंप! शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन, पुलिस पर बढ़ा जल्द खुलासे और गिरफ्तारी का दबाव

editor
  • Awaaz Desk
  • June 15, 2026 06:06 AM
Sensational murder in the capital, Dehradun: Late-night killing of a lawyer inside his home sparks an uproar! Protests held with the body placed on the road; pressure mounts on the police to quickly solve the case and make arrests.

देहरादून। राजधानी देहरादून से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित शिमला रोड के बुड्ढी गांव में देर रात हुई हत्या की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। अज्ञात बदमाशों ने अधिवक्ता सोहेल की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि गुस्साए स्थानीय लोगों और परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाकर मामला शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर हत्यारों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। जानकारी के अनुसार एडवोकेट सोहेल देर रात अपने घर पर मौजूद थे। उसी दौरान उनके भाई दूसरे कमरे में भोजन कर रहे थे। अचानक गोली चलने की तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही वह तुरंत बाहर पहुंचे, जहां उन्होंने सोहेल को खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़ा पाया। परिजनों ने तत्काल मदद की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। गोली लगने से सोहेल की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। एक अधिवक्ता की इस तरह घर में घुसकर हत्या किए जाने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। लोगों का कहना था कि अपराधी खुलेआम वारदात को अंजाम देकर फरार हो रहे हैं, जिससे आम नागरिकों में भय का माहौल है।

गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर उतरे लोग
घटना से आक्रोशित परिजन और क्षेत्रवासी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए। उन्होंने सोहेल के शव को शिमला बाईपास रोड पर रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत और आश्वासन के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

एसएसपी सहित कई अधिकारी पहुंचे मौके पर
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण किया और जांच अधिकारियों को जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए। फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस घटनास्थल से मिले सबूतों और तकनीकी जांच के आधार पर हत्यारों की तलाश में जुटी हुई है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात हमलावरों ने एडवोकेट सोहेल को गोली मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि हत्या के पीछे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है और विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है।


संबंधित आलेख: