शर्मनाक! क्या वाकई ये 21वीं सदी है? जब कर्जा नही लौटा पाई माँ तो 40 साल के व्यक्ति ने जबरन उसकी 11 वर्षीय नाबालिग बेटी से रचा ली शादी! दर्ज हुआ मुकदमा
बिहार के सीवान जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है। ये मामला बिहार की राजधानी पटना से महज सवा सौ किलोमीटर दूर का है जिसने बीते दौर की उस खौफनाक हकीकत को सबके सामने ला दिया, जिसमें उधार पैसों के बदले बेटियां यौन शोषण का शिकार होती थीं। यहाँ एक महिला कर्ज के पैसे नही चुका पाई तो कर्ज देने वाले 40 वर्षीय एक व्यक्ति ने उसकी 11 वर्षीय नाबालिग बेटी से जबरन शादी कर ली। शादी करने वाले की पहचान महेंद्र पांडे के रूप में हुई है जो मैरवा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव का रहने वाला है।

इस मामले में नाबालिग लड़की ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले उसकी मम्मी को महेंद्र पांडे ने कुछ रुपये उधार दिए थे,महेंद्र ने कितने रुपये उसकी मम्मी को उधार दिए, ये उसे नहीं पता,नाबालिग लड़की ने आगे बताया कि मम्मी उसे लेकर यहां आईं और पांडे जी के पास छोड़कर चली गई। वहीं लड़की की मां का कहना है कि वह पढ़ाने के लिए ले गए थे और शादी कर लिए हैं।
नाबालिग का आरोप है कि उधार देने वाले व्यक्ति ने उसको अपने घर पर न केवल रख लिया,बल्कि उससे जबरन शादी की है बच्ची को सिंदूर, बिंदी और पैर में बिछिया भी पहनाया गया। इस बीच बच्ची की मां ने वायरल वीडियो के आधार पर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।आरोपी महेंद्र पांडेय के खिलाफ मैरवा थाने में अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया गया। इसमें आईपीसी की धारा 363/366(ए)/376 और 4/6 पॉक्सो अधिनियम और बाल विवाह अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी महेंद्र पांडेय को गिरफ्तार कर लिया है। अपहृत लड़की को सकुशल बरामद कर लिया गया है।इस मामले में पुलिस ने नाबालिग लड़की की मां को भी जमकर फटकार लगाई है।