शहजाद पूनावाला ने बदला X बायो! हटाया बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता का पद; पुराने वीडियो में सक्रिय राजनीति छोड़ने की बात ने बढ़ाई हलचल
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला को लेकर राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। उनके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के बायो में किए गए बदलाव के बाद यह सवाल उठने लगा है कि क्या उनका राजनीति से मोहभंग हो गया है और वह सक्रिय राजनीति से दूरी बनाने की तैयारी में हैं। हालांकि, शहजाद पूनावाला की ओर से अभी तक बीजेपी छोड़ने या सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। दरअसल, शहजाद पूनावाला ने अपने X बायो से ‘नेशनल स्पोक्सपर्सन, BJP’ का पद हटा दिया है। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनके बीजेपी से इस्तीफा देने और राजनीति छोड़ने की अटकलें तेज हो गईं। हालांकि, उन्होंने अपने नए बायो में खुद को धर्म से इस्लाम, संस्कृति से हिंदू और विचारधारा से भारतीय बताया है। इसके साथ ही उन्होंने खुद को लेखक बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आजीवन अनुयायी बताया है। शहजाद पूनावाला ने गुरुवार को अपने अपडेटेड X बायो का स्क्रीनशॉट भी साझा किया। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, ‘मेरा अपडेटेड बायो।’ उनके इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया यूजर्स के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोगों ने इसे उनके राजनीतिक भविष्य से जोड़कर देखा, जबकि कुछ ने इसे महज सोशल मीडिया प्रोफाइल में किया गया बदलाव बताया। इसी बीच शहजाद पूनावाला ने अपने पुराने इंटरव्यू के कुछ वीडियो क्लिप भी दोबारा साझा किए हैं। इन वीडियो में वह सक्रिय राजनीति छोड़ने पर विचार करने की बात करते हुए नजर आ रहे हैं। इन पुराने बयानों को उनके ताजा सोशल मीडिया अपडेट से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, शहजाद पूनावाला ने अपने किसी भी हालिया पोस्ट में यह स्पष्ट नहीं किया है कि वह बीजेपी छोड़ने जा रहे हैं या सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने का फैसला कर चुके हैं। ऐसे में फिलहाल उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर सिर्फ अटकलों का दौर जारी है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि क्या शहजाद पूनावाला आने वाले दिनों में इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण देते हैं या नहीं।