आप को झटकाः स्टैंडिंग कमेटी के चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुए पार्षद सहरावत! बोले- एमसीडी हाउस में हंगामा करने के लिए दबाव डाला गया
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। शुक्रवार को आप के पार्षद पवन सहरावत भाजपा में शामिल हो गए। सहरावत बवाना वार्ड के पार्षद हैं। स्थायी समिति के चुनाव से कुछ मिनट पहले यह घोषणा की गई। भाजपा में शामिल होने के बाद सहरावत ने आरोप लगाया कि उन पर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) हाउस में हंगामा करने का दबाव डाला गया। उन्होंने कहा कि आप की राजनीति से उनका दम घुट रहा है। शहर को नया मेयर मिलने के एक दिन बाद आप और भाजपा पार्षद आपस में भिड़ गए। बुधवार रात से नौवीं बार एमसीडी सदन की कार्यवाही स्थगित की गई और रातभर हंगामा होता रहा। सदन को शुक्रवार सुबह 10 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। स्थायी समिति के छह सदस्यों के चुनाव को लेकर हो रहे हंगामे और नारेबाजी के चलते दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) हाउस की कार्यवाही गुरुवार को दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के कई सदस्यों ने बुधवार रात एमसीडी हाउस के कक्ष में एक-दूसरे पर मारपीट और प्लास्टिक की बोतलें फेंकी थीं। शैली ओबेरॉय बुधवार को दिल्ली की मेयर चुनी गईं।