हैरान करने वाला मामलाः यहां वीडियो देखते समय ब्लास्ट हुआ मोबाइल! बुरी तरह झुलसा 13 वर्षीय बालक, घटना से सदमे में परिजन
लखनऊ। यूपी के मथुरा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, यहां गोविंद नगर थाना क्षेत्र स्थित मेवाती मौहल्ले में वीडियो देखते समय मोबाइल फोन में ब्लास्ट हो गया। इस घटना में एक 13 वर्षीय बालक बुरी तरह झुलस गया। बालक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना से बालक के परिजन सदमे में हैं और आसपास के लोगों में भय दिख रहा है। मुहल्ले में रहने वाले मोहम्मद जावेद ने बताया कि उन्हें एक वर्ष पहले मोबाइल खरीदा था। उनका 13 वर्षीय बेटा जुनैद मोबाइल में वीडियो देख रहा था। तभी अचानक मोबाइल फट गया। इससे जुनैद बुरी तरह झुलस गया। स्वजन उसे एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। यहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों के अनुसार बच्चे की हालत ठीक है। उसका पेट झुलस गया है, इसलिए अल्ट्रासाउंड कराया जा रहा है। उसके हृदय की ओर भी काफी चोट आई है। जुनैद ने बताया कि अचानक ब्लास्ट हुआ, कुछ देर के लिए उसकी आंखों के सामने अंधेरा सा छा गया। चीख सुनकर दूसरे कमरे में बैठे स्वजन दौड़कर आए।