• Home
  • News
  • Shocking incident: Bank manager shoots himself inside a moving car! The car lost control and crashed into a divider; a suicide note read, "I apologize to everyone..."

सनसनीखेज घटनाः चलती कार में बैंक मैनेजर ने खुद को मारी गोली! अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई कार, सुसाइड नोट में लिखा- सभी से माफी चाहता हूं...

editor
  • Awaaz Desk
  • September 25, 2026 05:09 AM
Shocking incident: Bank manager shoots himself inside a moving car! The car lost control and crashed into a divider; a suicide note read, "I apologize to everyone..."

जौनपुर। यूपी के जौनपुर जिले के बक्सा थाना क्षेत्र में वाराणसी-लखनऊ हाइवे पर गुरुवार देर रात एक बैंक मैनेजर ने चलती कार में गोली मारकर सुसाइड कर लिया। यूनियन बैंक की बदलापुर शाखा में बतौर बैंक मैनेजर तैनात दुर्गेश श्रीवास्तव की कार गोली लगने से सड़क किनारे डिवाइडर से टकरा गई। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंचे लोगों ने कार का शीशा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला और उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, कार की तलाशी के दौरान अंदर से एक तमंचा और एक पत्र बरामद हुआ है। लखनऊ निवासी दुर्गेश श्रीवास्तव का परिवार जौनपुर शहर में रहता था। वह जौनपुर में यूनियन बैंक की बदलापुर शाखा के बैंक मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। गुरुवार देर रात वह कार से वाराणसी-लखनऊ हाइवे से गुजर रहे थे। गाड़ी जब बक्सा थाना क्षेत्र पर एक ढाबे के पास पहुंची तभी दुर्गेश ने सीने से तमंचा सटा कर गोली चला दी। गोली लगने के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर के बाद आसपास मौजूद लोगों को लगा कि कार का एक्सीडेंट हुआ है। स्थानीय लोग तत्काल कार के पास पहुंचे, लेकिन उसका दरवाजा अंदर से लॉक था। इसके बाद लोगों ने कार का शीशा तोड़कर दुर्गेश को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना देते हुए उन्हें उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने जांच के बाद दुर्गेश श्रीवास्तव को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। एसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बैंक मैनेजर ने चलती कार में खुद को गोली मारी, जिसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। पुलिस अधिकारी के अनुसार, कार से बरामद पत्र में उन्होंने लिखा था कि मैं अपना जीवन स्वयं समाप्त कर रहा हूं, इसके लिए किसी को दोष न दिया जाए। मैं सभी से माफी चाहता हूं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फील्ड यूनिट की जांच के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के स्पष्ट होने की उम्मीद है।


संबंधित आलेख: