• Home
  • News
  • Shopkeeper who served Jhalmuri to PM Modi receives bomb threat; CRPF deployed for security.

पीएम मोदी को झालमुड़ी खिलाने वाले दुकानदार को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा में सीआरपीएफ तैनात

editor
  • Tapas Vishwas
  • May 23, 2026 08:05 AM
Shopkeeper who served Jhalmuri to PM Modi receives bomb threat; CRPF deployed for security.

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मियों के बीच एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अप्रैल महीने में कृष्णानगर में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के दौरान उन्हें चाव से 'झालमुड़ी' (मशहूर बंगाली स्नैक) परोसने वाले स्थानीय दुकानदार विक्रम शॉ को जान से मारने और बम से उड़ाने की धमकी मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने विक्रम शॉ की सुरक्षा में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों को तैनात कर दिया है। विक्रम शॉ ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में इस बात का खुलासा किया कि उन्हें फोन और व्हाट्सऐप के जरिए लगातार डराने-धमकाने वाले संदेश मिल रहे हैं। उन्होंने कहा, "मुझे एक अज्ञात नंबर से धमकी भरा कॉल आया था, जिसके बाद मैंने तुरंत स्थानीय पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने मुझे सुरक्षा मुहैया कराई है।"

गौरतलब है कि अप्रैल में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कृष्णानगर में चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे, तब विक्रम शॉ ने उन्हें अपने हाथ की बनी झालमुड़ी खिलाई थी। पीएम मोदी ने भी बड़े चाव से इसे खाया था, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं। विक्रम का दावा है कि इसी घटना के बाद से वे कुछ असामाजिक तत्वों के निशाने पर आ गए हैं और उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही हैं। इस मामले पर पश्चिम बंगाल के कद्दावर नेता और मंत्री दिलीप घोष ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, "कुछ लोग देश और राज्य में इस तरह की कायराना हरकतें करके सांप्रदायिक और सामाजिक तनाव पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन अब वह समय चला गया है। अब हमारी सरकार है, ऐसे तत्वों को हर चीज का करारा जवाब दिया जाएगा। धमकी के मामले के साथ ही दिलीप घोष ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा 'बुलडोजर कल्चर' के खिलाफ अपने विधायकों के साथ बुलाई गई आपात बैठक पर भी तीखा तंज कसा। दिलीप घोष ने कहा, "अगर ऐसी बैठकें सरकार ने पहले की होतीं और जनता की जमीनी दिक्कतों व उनकी पीड़ा को समझा होता, तो आज बंगाल के हालात कुछ और ही होते। पहले तो मुख्यमंत्री को यह भी भनक नहीं रहती थी कि राज्य में क्या चल रहा है। फिलहाल, विक्रम शॉ की दुकान और उनके आवास के आसपास सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया गया है। पुलिस कॉल डिटेल्स और व्हाट्सऐप नंबरों के जरिए धमकी देने वाले आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।


संबंधित आलेख: