सिक्किम सुरंग हादसा: उत्तराखंड के युवा इंजीनियर प्रवीन नेगी की मौत, पीपलकोटी में छाया मातम
चमोली। सिक्किम में एनएचपीसी की टनल परियोजना में हुए भीषण लैंडस्लाइड हादसे में उत्तराखंड ने अपना एक होनहार बेटा खो दिया है। पीपलकोटी क्षेत्र के गुनियाला गांव निवासी युवा इंजीनियर प्रवीन नेगी की इस दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। जैसे ही यह दुखद खबर उनके पैतृक गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, प्रवीन नेगी सिक्किम में एनएचपीसी की टनल निर्माण परियोजना में बतौर इंजीनियर अपनी सेवाएं दे रहे थे। कार्य के दौरान हुए अचानक लैंडस्लाइड हादसे की चपेट में आने से उनका असमय निधन हो गया। सरल, मिलनसार और बेहद कर्मठ स्वभाव के धनी प्रवीन नेगी ने अपनी इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद 'एचसीसी' की मायापुर-पीपलकोटी परियोजना से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने देश की कई महत्वपूर्ण रेलवे और अवसंरचना निर्माण परियोजनाओं में अपना उल्लेखनीय योगदान दिया। प्रवीन के असामयिक निधन की खबर से उनके परिवार, मित्रों और पूरे चमोली जिले में गहरा दुख व्याप्त है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रवीन न केवल एक बेहतरीन इंजीनियर थे, बल्कि अपने सामाजिक व्यवहार के लिए भी सभी के प्रिय थे। उनके निधन को क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।