तो क्या अब लखनऊ का नाम बदलने के मूड में है यूपी सरकार! सीएम योगी के ट्वीट से तेज हुई अटकलें, लिंक में पढ़ें मुख्यमंत्री का ट्वीट
लखनऊ। अपने फैसलों को लेकर हर समय सुर्खियों में रहने वाले यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक ट्वीट ने राजधानी लखनऊ का नाम बदले जाने की अटकलों को तेज कर दिया है। माना जा रहा है कि मुगलसराय और फैजाबाद के बाद अब यूपी सरकार लखनऊ का नाम बदलने का प्लान बना रही हैं, हांलाकि इसको लेकर अभी तक कोई पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सीएम योगी के ट्वीट के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म है। दरअसल बीते रोज सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी यूपी के दौरे पर थे, यहां अमौसी एयरपोर्ट पर सीएम योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने पीएम मोदी का स्वागत किया। इसके बाद यहां स्वागत करने के दौरान खींची गई फोटो को टैग करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि शेषावतार भगवान लक्ष्मण जी की पावन नगरी लखनऊ में आपका हार्दिक स्वागत है। सीएम योगी के इस ट्वीट के बाद अटकलें लगाई जा रही हैं कि लखनऊ का नाम लक्ष्मण जी के नाम पर किया जा सकता है।
ट्वीट देखने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें
https://twitter.com/myogiadityanath/status/1526201719419699205?s=20&t=TopX4_0I_a-GhDs0mC1yoA
गौरतलब है कि योगी सरकार में सबसे पहले मुगलसराय स्टेशन का नाम बदला गया। योगी सरकार के प्रस्ताव को केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने के बाद अगस्त 2018 में मुगलसराय स्टेशन पंडित दीन दयाल उपाध्याय स्टेशन बन गया। सिर्फ इतना ही नहीं, इसके बाद योगी कैबिनेट ने मुगलसराय तहसील का नाम भी बदल दिया। योगी कैबिनेट ने तहसील का नाम बदलकर पंडित दीन दयाल उपाध्याय तहसील कर दिया। साथ ही योगी सरकार ने फैजाबाद जिले का नाम भी अयोध्या कर दिया। यानी अयोध्या शहर जिस फैजाबाद जिले के अंतर्गत आता था, उसका स्वरूप ही बदल दिया गया और पूरे जिले को अयोध्या बना दिया गया।