अस्पताल में भर्ती सोनिया गांधी, जानें कैसी है कांग्रेस नेता की हालत, हेल्थ बुलेटिन जारी कर दी गई ये बड़ी जानकारी
नई दिल्ली। संप्रग अध्यक्ष व कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को दिल्ली स्थित सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। गुरुवार को बुखार की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां चेस्ट मेडिसन विभाग के प्रमुख सीनियर डॉक्टर अरूप बासु की निगरानी में सोनिया का उपचार चल रहा है। हालांकि, अस्पताल ने अपने हेल्थ बुलिटेन में बताया कि अब उनकी हालत स्थिर है, लेकिन अभी उन्हें कुछ प्राथमिक उपचार की आवश्यकता है, जिसे देखते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बता दें कि इससे पहले जनवरी में भी सोनिया की तबीयत बिगड़ी थी। तब भी उन्हें दिल्ली स्थित सर गंगाराम अस्पताल में ही भर्ती करवाया गया था। ध्यान रहे कि सोनिया की तबीयत ऐसे वक्त में बिगड़ी है, जब राहुल देश में नहीं हैं।