मौत की रफ्तारः कानपुर-लखनऊ हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा! डंपर में आग लगने से दो जिंदा जले, एक की कूदने से हुई मौत
लखनऊ। शनिवार सुबह-सुबह कानपुर-लखनऊ हाईवे पर अजगैन क्षेत्र के चमरौली के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दरअसल यहां अचानक एक ट्रक चालक के ब्रेक लगाने से पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे तीन वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी आग लगने से गिट्टी लदे डंपर में दो लोग जिंदा जल गए, वहीं जान बचाने के चक्कर में नीचे कूदने में एक युवक की मौत हो गई। इस दौरान आग की लपटों में घिरे लोगों की चीख.पुकार सुनने के बाद भी कोई उन्हें बचाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। धूं-धूंकर जल रहे वाहनों को देख यातायात ठहर गया। वहीं हादसे के आधा घंटे बाद पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया। जाम लगने पर उन्नाव दही चौकी मोड़ से पुरवा की ओर वाहनों का रूट डायवर्ट किया गया। एक डंपर में फंसे दो लोगों को भागने का भी समय नहीं मिला। दोनों जान बचाने के लिए चीखते रहे और उसी में जिंदा जल गए। वहीं दूसरे डंपर का चालक जान बचाने में नीचे कूदा। चर्चा है कि किसी वाहन की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। 20 मिनट बाद पहुंची पुलिस ने दमकल को जानकारी दी। आधा घंटा बाद पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया। क्रेन की मदद से डंपर की बाडी को फाड़कर शवों को निकालने का प्रयास किया गया। शव चालक व क्लीनर के होने की आशंका है। सीओ पंकज सिंह ने बताया कि ट्रक नंबर के आधार पर दिवंगतों की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार टकराए वाहनों की स्पीड करीब 70 से 80 किमी प्रतिघंटा थी। रफ्तार अधिक होने से वाहनों के टकराने से आग लग गई।