भाजपा महिला मोर्चा की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष का दावा,सरकारी योजनाओं के सहारे 2027 चुनाव फतह करने की रणनीति तैयार
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र प्रसाद भट्ट ने दावा किया है कि मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी और उनके अटूट आशीर्वाद से भाजपा आगामी चुनावों में और अधिक सशक्त होकर जीत की हैट्रिक लगाने जा रही है। महेंद्र भट्ट सोमवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित महिला मोर्चा की परिचयात्मक बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस उच्च स्तरीय बैठक में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं के समर्पण और आगामी चुनावी रोडमैप पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की तमाम जनकल्याणकारी योजनाओं के केंद्र में हमेशा 'मातृशक्ति' रही है। आज देश और उत्तराखंड राज्य विकसित होने की दिशा में जो तेजी से आगे बढ़ रहा है, उसके पीछे महिलाओं का बहुत बड़ा योगदान है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार की इन बड़ी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और महिलाओं के सशक्तिकरण को धरातल पर उतारने में भाजपा महिला मोर्चा की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होने वाली है। महेंद्र प्रसाद भट्ट ने उत्तराखंड सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य की भाजपा सरकार ने बेटियों और महिलाओं के हित में ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। उन्होंने कहा, "उत्तराखंड में सरकारी नौकरियों में महिलाओं को आरक्षण देने से लेकर अनेकों मातृशक्ति आधारित योजनाएं सफलतापूर्वक संचालित हैं। इसके मद्देनजर हमें अपने सेवा भाव और सक्रियता के बल पर पहले से भी कहीं अधिक माताओं, बहनों और बेटियों का विश्वास जीतना होगा। हमें हर हाल में 2027 के विधानसभा चुनावों में उनका आशीर्वाद प्राप्त कर जीत की ऐतिहासिक हैट्रिक लगानी है। इस परिचयात्मक बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा की जानकारी भी दी। बैठक में मौजूद अन्य वरिष्ठ वक्ताओं ने भी अपने विचार साझा किए। सभी वक्ताओं ने इस बात पर विशेष बल दिया कि उत्तराखंड के निर्माण से लेकर इसके विकास और संगठन को धरातल पर मजबूत करने में महिलाओं का योगदान हमेशा से अतुलनीय रहा है। भाजपा अब इसी महिला शक्ति को अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाकर आगामी संगठनात्मक अभियानों को गति देने जा रही है।