अजब-गजबः अब उत्तराखण्ड में पुलिस करेगी चोरी भैंस की तलाश! तो क्या सीएम धामी के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा, पढ़ें कौन है खष्टी देवी जिसकी दूधारू भैंस को ले उड़े चोर
उत्तराखण्ड के नैनीताल जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने यूपी में सपा शासन की याद दिला दी। आपको याद होगा कि यूपी में सपा शासन के दौरान पुलिस वरिष्ठ सपा नेता आमज खां की भैंस ढूढ़ने में लग गयी थी, जिसको लेकर सियासत भी गरमाई और मामला खासा सुर्खियों में रहा। ठीक ऐसे ही अब उत्तराखण्ड में भी पुलिस चोरी हुई भैंस की तलाश करेगी। हांलाकि उत्तराखण्ड और यूपी के मामलों में जमीन-आसमान का अंतर है। क्योंकि यूपी में पुलिस एक नेता की भैंस की तलाश में जुटी थी, लेकिन उत्तराखण्ड में एक जरूरतमंद की भैंस को खोजा जायेगा। भैंस चोरी को लेकर बकायदा मुकदमा भी दर्ज किया गया है। और बताया जा रहा है कि सीएम धामी के आदेश पर नैनीताल पुलिस ने यह मुकदमा दर्ज किया है।
दरअसल ग्राम हाथीखाल अर्जुनपुर, हल्द्वानी निवासी खष्टी देवी की आर्थिक स्थिति सही नहीं है। जैसे-तैसे वह अपने परिवार का भरण पोषण करती हैं। परिवार का भरण-पोषण हो सके इसके लिए उन्होंने कर्ज लेकर दो भैंसे खरीदी और उन्हीं का दूध बेचकर वह अपने परिवार को पालती थी। लेकिन विगत 21 जनवरी 2022 की रात चोरों ने उनकी गौशाला में सेंध लगाते हुए दो दुधारू भैंस चोरी कर ली। भैंस चोरी होने के बाद खष्टी देवी पूरी तरह टूट गयी और पुलिस की शरण में पहुंची, लेकिन पुलिस ने उन्हें टरका दिया। इसके बाद भी खष्टी ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के यहां चक्कर लगाए, लेकिन कहीं से उसे न्याय नहीं मिला। अंततः थक-हारकर खष्टी देवी सीएम दरबार पहुंची और अपनी व्यथा बताई। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएम धामी की ओर से मामले में एफआइआर दर्ज करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके बाद पुलिस ने मामले में चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।