• Home
  • News
  • Summer Valley School 'bad touch' case: FIR registered against teacher; family members raise questions about the investigation; warn of a sit-in protest starting November 2.

समर वैली स्कूल बैड टच मामला: शिक्षक पर एफआईआर दर्ज, परिजनों ने जांच पर उठाए सवाल, 2 नवंबर से धरने की चेतावनी

editor
  • Awaaz Desk
  • October 30, 2026 12:10 PM
Summer Valley School 'bad touch' case: FIR registered against teacher; family members raise questions about the investigation; warn of a sit-in protest starting November 2.

देहरादून। राजधानी के प्रतिष्ठित समर वैली स्कूल में फिजिक्स के शिक्षक पर छात्रा के साथ ‘बैड टच’ के गंभीर आरोपों का मामला गहराता जा रहा है। पीड़ित छात्रा द्वारा एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल को लिखित शिकायत सौंपे जाने के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि, पुलिस कार्रवाई के बीच पीड़ित परिवार ने मौजूदा जांच प्रणाली पर गंभीर असंतोष व्यक्त किया है। पीड़ित छात्रा के परिजनों ने देहरादून प्रेस क्लब में आयोजित एक प्रेसवार्ता में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। परिजनों का कहना है कि वर्तमान में जिस गति और तरीके से जांच आगे बढ़ रही है, उससे उन्हें निष्पक्ष न्याय मिलने की उम्मीद नहीं दिख रही है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि इस पूरे घटनाक्रम के चलते उनकी बेटी मानसिक तनाव में है और उसकी पढ़ाई भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। न्याय न मिलने की स्थिति में परिजनों ने 2 नवंबर से व्यापक स्तर पर धरने पर बैठने की चेतावनी दी है। परिजनों ने प्रेसवार्ता में दावा किया कि आरोपी शिक्षक के पिछले कार्यस्थलों पर भी इस प्रकार की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। उन्होंने मांग उठाई कि पुलिस प्रशासन को शिक्षक के पुराने संस्थानों की भी गहन पड़ताल करनी चाहिए। यह जांच की जानी आवश्यक है कि पूर्व में शिक्षक के खिलाफ आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी), काउंसलिंग सेंटर, जिला शिक्षा कार्यालय, जिला प्रशासन अथवा पुलिस में कोई औपचारिक या अनौपचारिक शिकायत दर्ज हुई थी या नहीं। दूसरी ओर, एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी जांच का आश्वासन दिया है। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि मामले की विवेचना के लिए एक सक्षम महिला पुलिस अधिकारी को नियुक्त किया गया है, ताकि पीड़िता बिना किसी झिझक के अपनी बात रख सके और साक्ष्यों के आधार पर सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।


संबंधित आलेख: