रुद्रपुर में टेंपो से बरामद हुआ संदिग्ध प्रतिबंधित मांस! दो हिरासत में, लैब रिपोर्ट का इंतजार
रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में गौ रक्षा दल की सूचना पर पुलिस ने एक टेंपो से बड़ी मात्रा में संदिग्ध प्रतिबंधित मांस बरामद किया है। मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा। बरामद मांस की वास्तविक प्रकृति का पता लगाने के लिए उसके नमूने प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार गौ रक्षा दल के पदाधिकारियों को देर रात गुप्त सूचना मिली थी कि एक वाहन के जरिए प्रतिबंधित मांस ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद गौ रक्षा दल के सदस्यों ने तड़के करीब तीन बजे से संभावित मार्गों पर निगरानी शुरू कर दी। इसी दौरान संदिग्ध टेंपो को रोककर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में संदिग्ध मांस बरामद होने का दावा किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में लेकर दो लोगों को हिरासत में ले लिया। वहीं तीसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। बरामद मांस के नमूने पशुपालन विभाग की टीम द्वारा मौके पर ही लिए गए और उन्हें जांच के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद मांस किस पशु का है।