• Home
  • News
  • Suspicious death in Palamu: Gun discharges while cleaning hunting weapon; 75-year-old man dies on the spot.

पलामू में संदेहास्पद मौत: शिकार की बंदूक साफ करते समय चली गोली, 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर मौत

editor
  • Tapas Vishwas
  • July 26, 2026 01:07 PM
Suspicious death in Palamu: Gun discharges while cleaning hunting weapon; 75-year-old man dies on the spot.

पलामू। पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत नावाडीह हुटार गांव में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ 75 वर्षीय बुजुर्ग श्यामलाल भुइयां की संदेहास्पद परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से एक अवैध देसी बंदूक भी बरामद की है। 

मृतक के परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, पेशे से बढ़ई का काम करने वाले श्यामलाल भुइयां को जंगली जानवरों के शिकार का शौक था। वे जंगली सूअर और हिरण का शिकार करने के लिए घर में कई सालों से अवैध देसी बंदूक रखते आ रहे थे। शनिवार देर रात उन्होंने सालों बाद अपनी बंदूक निकाली थी और उसकी जांच या सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ट्रिगर दबने से गोली चल गई, जो सीधे उनके सीने में जा लगी। गोली लगते ही अत्यधिक खून बह जाने के कारण श्यामलाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक श्यामलाल के बेटे बीरेंद्र ने बताया कि उनके पिता बचपन से ही घर में शिकार के लिए हथियार रखते थे। उन्होंने कहा पिताजी जंगली जानवरों का शिकार करने के शौकीन थे और सालों से हथियार रखते आ रहे थे। रात में उन्होंने सालों बाद बंदूक निकाली थी और उसे देख रहे थे, तभी अचानक गोली चल गई और यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना की पुष्टि करते हुए रामगढ़ थाना प्रभारी ओम प्रकाश शाह ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। परिजनों ने प्राथमिक तौर पर दुर्घटना और आत्महत्या दोनों की आशंका व्यक्त की है, हालांकि अभी तक परिवार की ओर से कोई औपचारिक लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि अवैध हथियार कहां से आया था और घटना हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।


संबंधित आलेख: