• Home
  • News
  • Tea, praise, and murder! A shocking killing in Marhaura: elderly man stabbed to death after praising a tractor driver.

चाय, तारीफ और मर्डर! मढ़ौरा में खूनी सनसनी,ट्रैक्टर ड्राइवर की तारीफ करने पर बुजुर्ग की चाकू मारकर हत्या

editor
  • Tapas Vishwas
  • July 05, 2026 10:07 AM
Tea, praise, and murder! A shocking killing in Marhaura: elderly man stabbed to death after praising a tractor driver.

सारण (मढ़ौरा)। बिहार के सारण जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं और समाज में घटते बर्दाश्त के स्तर पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। मढ़ौरा थाना क्षेत्र के मिर्जापुर असोइयां गांव में रविवार सुबह चाय की एक दुकान पर हुई बेहद मामूली सी कहासुनी देखते ही देखते खूनी खेल में बदल गई। गांव के ही एक युवक ने महज इस बात पर एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी क्योंकि बुजुर्ग ने किसी दूसरे शख्स की तारीफ कर दी थी। इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर असोइयां गांव के रहने वाले 65 वर्षीय अशर्फी राय रविवार की सुबह रोज़ की तरह गांव के कस्बा बाजार स्थित एक चाय की दुकान पर चाय पीने गए थे। सुबह का वक्त होने के कारण वहां गांव के कुछ और लोग भी मौजूद थे और आपस में बातचीत चल रही थी। इसी दौरान बातों-बातों में गांव के ही एक ट्रैक्टर चालक पंकज उर्फ पंचर का जिक्र छिड़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अशर्फी राय ने स्वाभाविक रूप से पंकज के काम या व्यवहार की तारीफ कर दी। बुजुर्ग द्वारा की गई यह तारीफ वहां मौजूद गांव के ही करीब 40 वर्षीय जितेंद्र राय को इतनी नागवार गुजरी कि वह बुरी तरह भड़क गया। जितेंद्र राय और बुजुर्ग अशर्फी राय के बीच पहले तीखी बहस शुरू हुई। बात अभी लोग समझ ही पाते कि आरोपी जितेंद्र राय ने मर्यादा और इंसानियत की सारी हदें पार कर दीं। आरोप है कि उसने आव देखा न ताव, तुरंत अपने पास छिपाकर रखा हुआ तेजधार चाकू निकाला और बुजुर्ग अशर्फी राय के सीने पर जोरदार हमला कर दिया। चाकू लगते ही गहरे जख्म और अत्यधिक खून बहने के कारण अशर्फी राय लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़े। बुजुर्ग को तड़पता छोड़ आरोपी जितेंद्र राय मौके से बड़ी आसानी से फरार हो गया। घटना के तुरंत बाद दुकान पर मौजूद स्थानीय लोगों और ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को मढ़ौरा रेफरल अस्पताल पहुंचाया। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. वीरेश कुमार ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के चचेरे भाई और इस खौफनाक वारदात के चश्मदीद पुमित राय ने रोते हुए बताया कि विवाद इतना मामूली था कि किसी को दूर-दूर तक अंदाजा नहीं था कि एक छोटी सी बात इतनी बड़ी और खूनी घटना में बदल जाएगी। घटना की सूचना मिलते ही मढ़ौरा थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई शुरू की। बुजुर्ग की हत्या के बाद गांव में पनपे भारी आक्रोश और तनाव की आशंका को देखते हुए एहतियात के तौर पर आसपास के अन्य थानों की पुलिस को भी मिर्जापुर असोइयां गांव में बुला लिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया है। मढ़ौरा थाना पुलिस ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस की कई टीमें फरार आरोपी जितेंद्र राय के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं और दावा किया है कि जल्द ही उसे सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।


 


संबंधित आलेख: