• Home
  • News
  • Team India's massive storm: India crushed Afghanistan by an innings and 300 runs on the third day itself, securing a historic victory in the one-off Test.

टीम इंडिया का महा-तूफान: भारत ने अफगानिस्तान को तीसरे ही दिन पारी और 300 रनों से रौंदा, एकमात्र टेस्ट में ऐतिहासिक जीत

editor
  • Tapas Vishwas
  • June 08, 2026 10:06 AM
Team India's massive storm: India crushed Afghanistan by an innings and 300 runs on the third day itself, securing a historic victory in the one-off Test.

भारतीय क्रिकेट टीम ने मुल्लांपुर के मैदान पर अपनी बादशाहत का लोहा मनवाते हुए एकमात्र टेस्ट मैच में अफगानिस्तान को बेहद शर्मनाक शिकस्त दी है। मेजबान भारत ने खेल के तीसरे ही दिन मेहमान टीम को एक पारी और 300 रनों के विशाल अंतर से रौंदकर रख दिया। भारतीय बल्लेबाजों के गगनचुंबी स्कोर (564 रन) के जवाब में अफगानिस्तान की टीम दोनों पारियों को मिलाकर भी भारत के पहली पारी के स्कोर की बराबरी नहीं कर सकी। पूरी तरह से एकतरफा रहे इस मुकाबले में भारतीय स्पिनर्स और तेज गेंदबाजों के सामने अफगानी बल्लेबाजों ने पूरी तरह घुटने टेक दिए।

पहली पारी में सिर्फ 152 रनों पर ढेर होने के कारण अफगानिस्तान को भारत की तरफ से 412 रनों की विशाल बढ़त मिली थी। भारत के कप्तान शुभमन गिल ने बिना समय गंवाए मेहमान टीम को दोबारा बल्लेबाजी करने के लिए 'फॉलोऑन' दे दिया। दूसरी पारी में पारी की हार से बचने के लिए अफगानिस्तान को 412 रन बनाने थे, जो उनके लिए एवरेस्ट फतह करने जैसा था। दूसरी पारी में भी अफगानी बल्लेबाजों की तकनीकी कमजोरी साफ उजागर हुई। पूरी टीम महज 112 रनों पर सिमट गई। अफगानिस्तान की ओर से दूसरी पारी में सलामी बल्लेबाज सदीकुल्लाह अटल ने सबसे ज्यादा 42 रनों की जुझारू पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से किसी का साथ नहीं मिला। पहली पारी में शानदार अर्धशतक जड़ने वाले अनुभवी रहमत शाह भी दूसरी पारी में केवल 13 रन बनाकर चलते बने। दूसरी पारी में भारत की तरफ से ऑफ स्पिनर वाशिंगटन सुंदर सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने अपनी घूमती गेंदों के जाल में फंसाकर अफगानिस्तान के 4 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। वहीं, चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने अपनी फिरकी का जादू बिखेरते हुए 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। पहली पारी के हीरो रहे अपना पहला टेस्ट खेल रहे युवा स्पिनर मानव सुथार को दूसरी पारी में एक विकेट मिला, जबकि तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज भी एक विकेट लेने में सफल रहे। इससे पहले, मैच के तीसरे दिन अफगानिस्तान ने अपनी पहली पारी के स्कोर 5 विकेट पर 113 रन से आगे खेलना शुरू किया। लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने सुबह के सत्र में मेहमान टीम को संभलने का कोई मौका नहीं दिया और मात्र 39 रन जोड़कर बचे हुए सभी 5 विकेट गंवा दिए। पहली पारी में अफगानिस्तान के लिए रहमत शाह ने सबसे संघर्षपूर्ण 60 रनों की पारी खेली। तीसरे दिन सुबह के खेल में डेब्यू स्टार मानव सुथार ने तीन और विकेट लेकर अपने पहले ही टेस्ट मैच में 6 विकेट हॉल (6/112) पूरा किया। इसके अलावा प्रसिद्ध कृष्णा ने 3 विकेट और वाशिंगटन सुंदर ने 1 विकेट लेकर अफगानिस्तान की पहली पारी का अंत किया। मैच के दूसरे दिन भारत ने अपनी पहली पारी 8 विकेट के नुकसान पर 564 रनों के बेहद मजबूत स्कोर पर घोषित की थी। भारत की इस विशाल पारी की नींव कप्तान शुभमन गिल और उपकप्तान केएल राहुल ने रखी। कप्तान गिल ने बेहतरीन कप्तानी पारी खेलते हुए 126 रन बनाए, जबकि फॉर्म में चल रहे केएल राहुल ने भी शानदार 100 रनों की शतकीय पारी खेली। इन दोनों के अलावा युवा सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन (81 रन), विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (81 रन) और ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर (52 रन) ने धमाकेदार अर्धशतकीय पारियां खेलकर अफगानिस्तान को मैच से पूरी तरह बाहर कर दिया। हालांकि, अफगानिस्तान की तरफ से तेज गेंदबाज मोहम्मद सलीम साफी ने कड़ी मेहनत की और 6 विकेट हासिल करने में सफल रहे, लेकिन उनकी यह मेहनत टीम को बड़ी हार से नहीं बचा सकी।


 


संबंधित आलेख: