टिहरी लेक फेस्टिवल का भव्य आगाज,कोटी कॉलोनी से नई टिहरी तक बनेगा रोप-वे,सीएम धामी ने दी करोड़ों की सौगात
टिहरी। एशिया की सबसे विशाल जलराशि वाली टिहरी झील के तट पर शुक्रवार को चार दिवसीय 'हिमालयन O₂ द टिहरी लेक फेस्टिवल' का रंगारंग शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में महोत्सव का उद्घाटन किया और क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने टिहरी झील में बोटिंग का आनंद लिया और कहा कि यहाँ की लहरों पर वाटर स्पोर्ट्स का अनुभव बेहद रोमांचक और वैश्विक स्तर का है। पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री ने कोटी कॉलोनी से नई टिहरी तक रोप-वे निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने बहुप्रतीक्षित रिंग रोड फेज-2 की सौगात देते हुए इसका शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि टिहरी झील और इसके आसपास के क्षेत्रों के कायाकल्प के लिए सरकार लगभग 1,300 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं पर काम कर रही है। इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से पर्यटन गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के दरवाजे खुलेंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि टिहरी झील आज केवल एक पिकनिक स्पॉट नहीं, बल्कि साहसिक खेलों का अंतरराष्ट्रीय केंद्र बन चुकी है। उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में यहाँ 400 से ज्यादा युवा पैराग्लाइडिंग का पेशेवर प्रशिक्षण ले रहे हैं। झील में जेट स्की, कयाकिंग, स्कूबा डाइविंग और क्रूज जैसी गतिविधियां पहले से ही पर्यटकों को आकर्षित कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने 318 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले कोटी-डोबरा पर्यटन मार्ग (ADB द्वारा वित्त पोषित) का भी वर्चुअल शिलान्यास किया, जो करीब 15 किलोमीटर लंबा होगा। सरकार टिहरी के ग्रामीण अंचलों को भी पर्यटन से जोड़ रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सुनारगांव को 'मॉडल विलेज' और तिवाड़ गांव को 'होम-स्टे विलेज' के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा, पहाड़ी वास्तुकला को बढ़ावा देने के लिए एक उत्कृष्ट आंबनगाड़ी केंद्र का निर्माण भी किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ये प्रयास पहाड़ की अर्थव्यवस्था को मजबूत करेंगे। इस अवसर पर वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि यह महोत्सव केवल टिहरी झील तक सीमित नहीं है, बल्कि जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित कर पूरे जनपद को एक सूत्र में जोड़ने का प्रयास किया गया है। वहीं, स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय ने मुख्यमंत्री के समक्ष टिहरी क्षेत्र को ओबीसी (OBC) श्रेणी में शामिल करने और इणियां में मेडिकल कॉलेज के जल्द शिलान्यास की मांग रखी। 9 मार्च तक चलने वाले इस महोत्सव में साहसिक खेलों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी। उद्घाटन समारोह में हजारों की संख्या में स्थानीय लोग और देश-विदेश के पर्यटक मौजूद रहे।