नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई! अवैध फड़-खोखे हटाए, विशेष निगरानी समिति का होगा गठन
नैनीताल। उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में जिला प्रशासन ने सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग पर अवैध रूप से लगाए गए फड़-खोखों को हटवा दिया। उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक के नेतृत्व में चले इस विशेष अभियान के दौरान सड़क किनारे अस्थायी रूप से कारोबार कर रहे कई फड़ व्यापारियों को मौके से हटाया गया और उन्हें भविष्य में दोबारा सड़क किनारे दुकानें न लगाने की सख्त चेतावनी दी गई। उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक ने बताया कि सरिताताल और सूखाताल के कैचमेंट क्षेत्र में सड़क किनारे लगातार बढ़ रहे अस्थायी अतिक्रमण से न केवल यातायात बाधित हो रहा है, बल्कि झीलों की स्वच्छता पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे लगने वाले फड़-खोखों से निकलने वाला कचरा झीलों में पहुंच रहा है, जिससे झीलों का प्राकृतिक स्वरूप प्रभावित हो रहा है और प्रदूषण बढ़ने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस मामले में जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रहा है। किसी भी कीमत पर झीलों और सड़कों के आसपास अवैध अतिक्रमण को पनपने नहीं दिया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य केवल अतिक्रमण हटाना नहीं, बल्कि नैनीताल की पर्यावरणीय संवेदनशीलता को सुरक्षित रखना भी है। उपजिलाधिकारी ने बताया कि सड़क और झीलों के किनारे लगने वाले फड़.खोखों की निगरानी के लिए प्रशासन शीघ्र ही एक विशेष निगरानी समिति का गठन करेगा। यह समिति प्रतिदिन क्षेत्र का निरीक्षण करेगी और अवैध रूप से लगाए जा रहे अस्थायी दुकानों पर नजर रखेगी। यदि इसके बावजूद कोई व्यक्ति सड़क किनारे अवैध रूप से दुकान लगाता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।