कॉकरोच जनता पार्टी पर केंद्र सरकार की बड़ी डिजिटल कार्रवाई! राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था के खतरे का हवाला देकर X पर अकाउंट किया ब्लॉक
नई दिल्ली। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तेजी से लोकप्रिय हो रहे चर्चित अकाउंट ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पर भारत सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे देश में ब्लॉक कर दिया है। सरकार ने यह कदम इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) की रिपोर्ट के बाद उठाया है, जिसमें इस अकाउंट को राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था के लिए संभावित खतरा बताया गया था। सूत्रों के अनुसार, आईबी ने केंद्र सरकार को भेजे अपने इनपुट में कहा था कि यह अकाउंट लगातार भड़काऊ और संवेदनशील सामग्री प्रसारित कर रहा था, जिससे देश की आंतरिक शांति और सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि अकाउंट की तेजी से बढ़ती लोकप्रियता और युवाओं के बीच इसका प्रभाव चिंता का विषय बन गया था। आईबी की रिपोर्ट के आधार पर केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 69A के तहत कार्रवाई करते हुए एक्स प्लेटफॉर्म को इसे भारत में ब्लॉक करने का आदेश जारी किया। यह वही कानूनी प्रावधान है, जिसके तहत सरकार को राष्ट्रीय सुरक्षा, देश की संप्रभुता और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के हित में किसी भी ऑनलाइन कंटेंट को प्रतिबंधित करने का अधिकार प्राप्त है। जानकारी के मुताबिक, जब इस अकाउंट को भारत में ब्लॉक किया गया तब इसके करीब 90 हजार फॉलोअर्स थे, लेकिन कार्रवाई की खबर सामने आने के बाद इसकी चर्चा और तेज हो गई तथा फॉलोअर्स की संख्या बढ़कर दो लाख से अधिक पहुंच गई। हालांकि भारत में यह अकाउंट अब दिखाई नहीं देगा, लेकिन दूसरे देशों में यह अभी भी सक्रिय है। इंस्टाग्राम पर इस अकाउंट की मौजूदगी फिलहाल बरकरार है, जहां इसके 1.6 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। हालांकि सरकारी सूत्रों का कहना है कि इस प्लेटफॉर्म पर भी अकाउंट की गतिविधियों की समीक्षा की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।