रिकॉर्ड 30 लाख दीयों से जगमगाएगी रामनगरी! अयोध्या में 10वें दीपोत्सव की तैयारियां तेज, भव्य ड्रोन शो और महाआरती भी होगी खास
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में इस बार का दीपोत्सव ऐतिहासिक और अलौकिक होने जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार के नेतृत्व में आयोजित होने जा रहे 10वें दीपोत्सव में राम की पैड़ी समेत अयोध्या के तमाम घाटों पर करीब 30 लाख दीये प्रज्वलित करने का भव्य लक्ष्य रखा गया है। 7 नवंबर को होने वाले इस तीन दिवसीय आयोजन को लेकर अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद और स्थानीय प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। 2017 में महज 1.87 लाख दीयों से शुरू हुआ यह आयोजन अब विश्व पटल पर एक बड़ी पहचान बन चुका है। इस वर्ष न केवल दीप प्रज्वलन बल्कि ड्रोन शो और सामूहिक आरती के दायरे को भी पहले से अधिक विशाल और भव्य बनाया जा रहा है। 1.87 लाख से 30 लाख दीयों तक का सफ़र वर्ष 2017 में योगी सरकार द्वारा शुरू किए गए इस आयोजन में हर साल दीपों की संख्या में नया रिकॉर्ड कायम हुआ है। आयोजन की भव्यता और व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद ने दीये, तेल, कपूर, मोमबत्ती और रूई-बत्ती सहित जरूरी सामग्री के लिए 5 मुख्य टेंडर जारी किए हैं। दीपोत्सव के दौरान घाटों पर करीब 30,000 वॉलंटियर्स तैनात रहेंगे। स्वयंसेवकों की सुविधा और बैठक व्यवस्था के लिए आयोजन स्थल पर नई सीढ़ियों का निर्माण कराया गया है और स्थल का विस्तार भी किया गया है। देश-दुनिया से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए होटल, धर्मशालाओं, पार्किंग और भोजन व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जा रही है। अयोध्या मंडल के अधिकारियों के अनुसार, PWD, NHAI और संस्कृति विभाग समेत सभी संबंधित विभागों को प्रमुख हाईवे, मठ-मंदिरों और संपर्क मार्गों की सजावट तथा यातायात व्यवस्था को समय रहते दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।