नैनीताल में टीबी नंबर टैक्सियों को लेकर बढ़ा विवाद! मॉल रोड एंट्री पर पालिका प्रशासन और टैक्सी यूनियन आमने-सामने
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में टीबी नंबर टैक्सियों के मॉल रोड में प्रवेश को लेकर विवाद एक बार फिर गहरा गया है। नगर पालिका प्रशासन द्वारा टीबी नंबर टैक्सियों की मॉल रोड में एंट्री पर रोक लगाए जाने के बाद टैक्सी कारोबारियों और पालिका प्रशासन के बीच टकराव की स्थिति बन गई। देर रात टोल टैक्स बैरियर पर हुए हंगामे के बाद टैक्सी यूनियन के पदाधिकारी और चालक नगर पालिका कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पालिका अध्यक्ष से वार्ता कर अपनी नाराजगी जताई। पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल और टैक्सी यूनियन अध्यक्ष दीपक मटियाली के बीच हुई वार्ता के दौरान टैक्सी यूनियन ने पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। यूनियन अध्यक्ष दीपक मटियाली ने कहा कि टीबी नंबर वाहनों का मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है और आगामी 12 मई को इस संबंध में हाईकोर्ट में सुनवाई होनी है। इसके बावजूद पालिका प्रशासन द्वारा इन वाहनों को मॉल रोड में प्रवेश से रोकना गलत है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाहरी लोगों को टैक्सी संचालन के लिए पास जारी किए जा रहे हैं, जबकि स्थानीय टैक्सी चालकों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। उनका कहना था कि कई बाहरी वाहनों के पास पालिका द्वारा पहले ही बना दिए गए हैं, लेकिन स्थानीय टैक्सी संचालकों के आवेदन लंबित पड़े हुए हैं। इससे स्थानीय कारोबारियों को आर्थिक नुकसान के साथ.साथ मानसिक परेशानी का भी सामना करना पड़ रहा है। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि पर्यटन सीजन शुरू हो चुका है और ऐसे समय में स्थानीय टैक्सी चालकों को रोके जाने से उनकी रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है। वहीं पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल ने स्पष्ट किया कि नगर पालिका प्रशासन न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप ही कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि 12 मई को हाईकोर्ट में होने वाली सुनवाई के बाद ही आगे की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पालिका सभी पक्षों को ध्यान में रखते हुए समाधान निकालने का प्रयास कर रही है।