ईरान-इजरायल-अमेरिका टकराव चरम पर! ट्रू प्रॉमिस 4 के तहत मिसाइलों की बारिश, कतर के गैस हब में भीषण तबाही
नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में हालात लगातार तनावपूर्ण होते जा रहे हैं। इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच छिड़ा युद्ध आज 19वें दिन भी जारी है। इस बीच ईरान के इंटेलिजेंस चीफ एसमाइल खतीब और सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल सेक्रेटरी अली लरिजानी को मार गिराने से तेहरान बौखला गया है। वह लगातार खाड़ी मुल्कों में हमला कर रहा है। इधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर कहा कि ईरान को बिना किसी शर्त के हार माननी होगी। वरना कोई बातचीत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि इस जंग का मकसद ईरान की नौसेना, परमाणु ठिकाने और आतंकी नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करना है। दूसरी ओर इजरायल की ओर से ईरान पर हमला जारी है। ईरान की साउथ पार्स गैस फील्ड समेत 200 से ज्यादा ठिकानों पर हमले किए गए। लेबनान में हिजबुल्लाह के इलाकों में भी बफर जोन बनाया जा रहा है। ईरान ने ट्रू प्रॉमिस 4 नाम के ऑपरेशन के तहत इजरायल पर खोर्रमशहर-4 मिसाइलें दागीं। इन हमलों में रामात गान में 2 लोगों की मौत हो गई और कई इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं। यूएई की तेल फील्ड और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर भी ड्रोन और मिसाइल हमले किए गए। इधर कतर ने जानकारी दी है कि 18 मार्च 2026 रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी पर हुए हमले के बाद, जिसमें पर्ल गैस-टू-लिक्विड्स सुविधा को भारी नुकसान हुआ था। अब 19 मार्च को भी लिक्विफाइड नेचुरल गैस सुविधाओं को मिसाइल हमलों का निशाना बनाया गया। इन हमलों के कारण बड़े पैमाने पर आग लगी और अतिरिक्त भारी नुकसान हुआ है।
तेल की जंग में शेयर बाजार क्रैश
मिडिल-ईस्ट में जारी जंग अब एक बड़े तेल युद्ध का रूप लेती जा रही है। खाड़ी देशों में मौजूद तेल-गैस फील्ड्स पर दनादन मिसाइल अटैक होने से इंटरनेशनल मार्केट में क्रूड ऑयल के दाम में आग लग गई है और अचानक Brent Crude Price 113 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। इसके चलते एशियाई शेयर बाजारों में कोहराम मचा नजर आया, तो भारतीय शेयर बाजार खुलने के साथ ही क्रैश हो गया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स इंडेक्स गुरुवार को ओपनिंग के साथ ही 1900 अंक का गोता लगा गया। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 550 अंक से ज्यादा टूटकर ओपन हुआ।