बड़ी खबरः बम विस्फोट से दहला बिहार का काजवली चक इलाका! 10 लोगों की दर्दनाक मौत, अलर्ट मोड पर पुलिस प्रशासन
नई दिल्ली। देर रात करीब साढ़े 11 बजे बिहार का एक इलाका बम विस्फोट से दहल उठा। बताया जा रहा है कि इस विस्फोट में दस लोगों की मौत हो गयी, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। वहीं पुलिस रेस्क्यू के साथ ही मामले की जांच में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि अभी तक एक बच्चे समेत तीन लोगों के शव निकाला गया। मलबे में अभी भी कई लोग दबे हुए हैं, जिनका रेस्क्यू किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि विस्फोट बिहार में भागलपुर शहर के काजवली चक इलाके में हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास के 4 घर जमींदोज हो गए। विस्फोट से करीब 5 किमी का इलाका दहल उठा। ब्लास्ट नवीन मंडल और गणेश मंडल के घर के बीच हुआ है। सूत्रों की मानें तो इस इलाके में शादी के लिए पटाखे बनाने का काम किया जाता था। आशंका ये भी जताई जा रही है कि घर में रखे पटाखों में ब्लास्ट हुआ है। वहीं यह भी बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले आईबी ने भी भागलपुर पुलिस को अलर्ट किया था। पुलिस बम ब्लास्ट के एंगल से भी इसकी जांच कर रही है। घायलों का इलाज भागलपुर के मायागंज अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अफसर घटनास्थल पर पहुंच गए। जमींदोज हुए मकानों के मलबे को हटाने का काम चल रहा है। विस्फोट के दौरान मौजूद पड़ोसी निर्मल साह उर्फ लड्डू ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर घर में सो रहे थे। वह भी घर के बाहर बैठे थे तभी तेज धमाका हुआ।