मेलोडी' की गूंज: पीएम मोदी की ऐतिहासिक उपलब्धि पर इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने दी बधाई
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम दर्ज हुए ऐतिहासिक कीर्तिमान की गूंज अब सात समंदर पार यूरोप तक पहुंच गई है। भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर दुनिया भर से मिल रहे बधाई संदेशों के बीच इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भी पीएम मोदी को इस अभूतपूर्व मील के पत्थर पर बधाई दी है। जॉर्जिया मेलोनी ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक बेहद खास पोस्ट साझा करते हुए दोनों देशों के बीच की गहरी दोस्ती को एक बार फिर रेखांकित किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के शीर्ष पद पर लगातार 4,399 दिन पूरे कर लिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने लोकतांत्रिक रूप से चुने हुए प्रधानमंत्री के तौर पर भारत के पहले पीएम पंडित जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। साल 2014 में पहली बार देश की कमान संभालने के बाद से पीएम मोदी बिना रुके लगातार तीसरी बार देश को नेतृत्व दे रहे हैं। इतालवी प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने बधाई संदेश में लिखा, "नरेंद्र मोदी को बहुत-बहुत बधाई, जो आज भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बन गए हैं। अपने संदेश में मेलोनी ने पीएम मोदी की हालिया इटली यात्रा और रोम में हुई दोनों नेताओं की मुलाकात का विशेष तौर पर जिक्र किया। उन्होंने आगे लिखा, "हाल के हफ्तों में रोम में फिर से मिलना और मिलकर एक 'स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप' (विशेष रणनीतिक साझेदारी) की शुरुआत करना बेहद खुशी की बात रही है। यह साझेदारी भविष्य की ओर देखते हुए हमारे दोनों देशों और हमारे लोगों के लिए विकास के नए अवसर पैदा करने पर केंद्रित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी के बीच के बेहतरीन कूटनीतिक और दोस्ताना संबंध हमेशा वैश्विक मंच पर सुर्खियां बटोरते रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय बैठकों के दौरान दोनों नेताओं की गर्मजोशी से भरी बातचीत और शानदार केमिस्ट्री ने इंटरनेट पर लोगों का ध्यान खींचा है, जिसे सोशल मीडिया यूजर्स ने बेहद लोकप्रिय निकनेम 'मेलोडी' दिया है। मेलोनी के इस ताजा बधाई संदेश के बाद एक बार फिर डिजिटल दुनिया में दोनों देशों के मजबूत होते रिश्तों की चर्चा जोरों पर है। यह ऐतिहासिक कीर्तिमान भारत के वैश्विक प्रभाव और वैश्विक नेताओं के साथ हमारे प्रगाढ़ होते संबंधों को और मजबूत कर रहा है।