सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने टेलीग्राम को जारी किया नोटिस, कहा- ओटीटी प्लेटफॉर्म से चोरी का कंटेंट हटाएं
ओटीटी प्लेटफॉर्म्स की ओर से शिकायत किए जाने का बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने टेलीग्राम को नोटिस जारी किया है। आरोप है कि इन ओटीटी प्लेटफॉर्म्स का कंटेट चोरी किया गया और टेलीग्राम पर वितरित किया गया। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (एमआईबी) ने टेलीग्राम को सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 के तहत नोटिस जारी किया है। मंत्रालय ने टेलीग्राम से कहा कि वह अपने प्लेटफॉर्म से पाइरेटेड यानी चोरी किए गए कंटेंट को हटाए। सरकार से जुड़े सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक, यह कदम तब उठाया गया है, जब जियोसिनेमा, अमेजन प्राइम वीडियो जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स की ओर से शिकायत की गई। इन प्लेटफॉर्म्स ने आरोप लगाया कि टेलीग्राम पर उनके कॉपीराइट वाले कंटेंट की बड़ी मात्रा में चोरी हो रही है और वितरण हो रहा है। इन शिकायतों की जांच के आधार पर कुल 3143 टेलीग्राम चैनल्स की पहचान की गई। इन चैनल्स पर फिल्में और ओटीटी कंटेंट सहित पाइरेटेड कंटेंट बड़े पैमाने पर साझा किया जा रहा था।