• Home
  • News
  • The Naina Devi Chamber of Commerce demanded expansion of facilities at Nainital's BD Pandey Hospital, and insisted on a 24-hour pharmacy.

नयना देवी व्यापार मंडल ने की नैनीताल के बीडी पांडे अस्पताल में सुविधाओं के विस्तार की मांग,एडिशनल मेडिकल डायरेक्टर से मुलाकात कर 24 घंटे दवा की दुकान खोलने पर दिया जोर

editor
  • Kanchan Verma
  • October 18, 2026 06:10 AM
The Naina Devi Chamber of Commerce demanded expansion of facilities at Nainital's BD Pandey Hospital, and insisted on a 24-hour pharmacy.

 

नैनीताल।

नैनीताल के बीडी पांडे जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता और तकनीकी स्टाफ की तैनाती को लेकर माँ नयना देवी नैनीताल व्यापार मंडल ने पहल की है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत टंडन और उपाध्यक्ष विकास जैसवाल ने 17 अक्टूबर को कुमाऊं मंडल के एडिशनल मेडिकल डायरेक्टर डॉ. केके अग्रवाल से मुलाकात कर अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग उठाई।

मुलाकात के दौरान व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने कहा कि बीडी पांडे अस्पताल नैनीताल के स्थानीय नागरिकों के साथ ही यहां पहुंचने वाले पर्यटकों के लिए भी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है। ऐसे में अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें संचालित करने के लिए प्रशिक्षित टेक्नीशियनों की तैनाती भी जरूरी है। उन्होंने अस्पताल की तकनीकी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने पर जोर दिया।

व्यापार मंडल ने अस्पताल परिसर में 24 घंटे दवाइयों की दुकान उपलब्ध कराने की मांग भी रखी। पदाधिकारियों का कहना था कि आपात स्थिति में मरीजों और उनके तीमारदारों को दवाइयों के लिए परेशान न होना पड़े। इसके लिए अस्पताल परिसर में ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जहां दिन-रात आवश्यक दवाइयां मिल सकें। इससे स्थानीय लोगों के साथ नैनीताल आने वाले पर्यटकों को भी राहत मिलेगी।

इस दौरान कुमाऊं मंडल के स्वास्थ्य विभाग को नैनीताल से ही संचालित किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया। व्यापार मंडल ने आग्रह किया कि विभाग का संचालन नैनीताल में ही बनाए रखा जाए, ताकि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित प्रशासनिक कार्यों का संचालन यहीं से हो सके।

व्यापार मंडल के अनुसार, डॉ. केके अग्रवाल ने मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि कुछ कार्यों और नए चिकित्सा उपकरणों के लिए बजट स्वीकृत हो चुका है। धनराशि प्राप्त होने के बाद संबंधित कार्यों को धरातल पर उतारने की उम्मीद है। इसके तहत बीडी पांडे अस्पताल में नए उपकरणों के साथ आवश्यक तकनीकी स्टाफ उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाए जाने की बात कही गई।

व्यापार मंडल ने उम्मीद जताई कि इन प्रयासों से बीडी पांडे अस्पताल में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी और नैनीताल की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।


संबंधित आलेख: