नैनीताल के बिड़ला विद्या मंदिर में गूंजेगा ताइक्वांडो का दमखम, आईपीएससी चैंपियनशिप-2026 का भव्य आगाज़
नैनीताल। बिड़ला विद्या मंदिर, नैनीताल में मंगलवार को आईपीएससी ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के नामी विद्यालयों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। 23 और 24 जून तक चलने वाली इस चैंपियनशिप में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ी पदकों के लिए मुकाबला करेंगे।
प्रतियोगिता का उद्घाटन अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टर जय भगवान बंसल ने किया। 75 वर्षीय बंसल वर्ष 1970 से पावरलिफ्टिंग के क्षेत्र में सक्रिय हैं और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई उपलब्धियां अपने नाम दर्ज करा चुके हैं। उन्होंने डरबन में आयोजित वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में पांच स्वर्ण पदक जीतने सहित कुल 20 अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक हासिल कर देश का गौरव बढ़ाया है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल शर्मा ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों का स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को निखारने का सशक्त मंच भी हैं।
प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह और जोश देखने को मिला। विभिन्न मुकाबलों में प्रतिभागियों ने अपनी तकनीकी दक्षता और फिटनेस का प्रदर्शन किया। आगामी मुकाबलों में देशभर से आए खिलाड़ी अलग-अलग वर्गों में अपनी श्रेष्ठता साबित करने के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।
इस अवसर पर विद्यालय के वित्तीय प्रबंधक संजय गुप्ता, मुखर्जी निर्वाण, खेल विभाग से पृथ्वीराज सिंह किरौला, लीला सिंह बिष्ट एवं केदार सिंह गड़िया, उपप्रधानाचार्य राकेश मुलासी, हेडमास्टर अजय शर्मा, जतिन ग्रोवर, तुषार मिश्रा, आलोक अस्थाना, कुणाल जोशी सहित शिक्षकगण और छात्र बड़ी संख्या में मौजूद रहे।