• Home
  • News
  • The SSP has become strict about crime control in Nainital, issuing strict instructions to police officers.

नैनीताल में अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त हुए एसएसपी! पुलिस अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

editor
  • Awaaz Desk
  • April 29, 2026 02:04 PM
The SSP has become strict about crime control in Nainital, issuing strict instructions to police officers.

नैनीताल। जिले में बढ़ते अपराधों पर नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आज पुलिस लाइन में एसएसपी मंजूनाथ टीसी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिले भर के सभी पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में अपराध दर को कम करना, चोरी की घटनाओं पर प्रभावी लगाम लगाना तथा ओवरलोडिंग के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाना रहा। एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी थाने और चौकियां 24 घंटे एक्टिव मोड में रहें और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। एसएसपी ने बैठक के दौरान पुलिस कर्मियों के आचरण और व्यवहार पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनता के साथ पुलिस का व्यवहार सभ्य और जिम्मेदार होना चाहिए। यदि कोई पुलिसकर्मी नशे या किसी मादक पदार्थ का सेवन कर ड्यूटी के दौरान या आम नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार करता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकतानुसार एफआईआर भी दर्ज की जाएगी। इसके अलावा आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए एसएसपी ने पुलिस कर्मियों को विशेष रूप से सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस दौरान पुलिस का व्यवहार और कार्यप्रणाली ही जिले की छवि को प्रभावित करेगी, इसलिए हर स्तर पर अनुशासन और संवेदनशीलता बनाए रखना आवश्यक है। बैठक में सीसीटीएनएस के विभिन्न पोर्टलों की भी विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों को बताया गया कि इन पोर्टलों के माध्यम से शिकायतों का त्वरित और पारदर्शी निस्तारण कैसे किया जाए। साथ ही जिन मामलों में सजा सात वर्ष से कम है, उनकी विवेचना सात दिनों के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए गए। ऐसा न करने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।


संबंधित आलेख: