स्वच्छ भारत मिशन को लेकर सख्त हुए सफाई आयोग उपाध्यक्ष! नैनीताल समीक्षा बैठक में बोले- सफाई कर्मियों को समय पर मिले सुविधाएं
नैनीताल। नैनीताल पहुंचे राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने जनपद के अधिकारियों के साथ बैठक कर नगर निगम हल्द्वानी सहित जिले के समस्त नगर निकाय क्षेत्रों में कार्यरत पर्यावरण मित्रों एवं सफाई कार्मिकों की समस्याओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर निकाय क्षेत्रों में कार्यरत सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का समय पर समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन प्रधानमंत्री मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट है, इसलिए सभी नगर निकाय बोर्ड में सफाई कर्मियों के पदों को बढ़ाए जाने तथा मानदेय में वृद्धि किए जाने संबंधी प्रस्ताव पारित कर शासन को भेजे जाए। सफाई आयोग के उपाध्यक्ष ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सफाई कार्मिकों के हितों के प्रति संवेदनशील हैं और उनके द्वारा पर्यावरण मित्रों के हितों के लिए गए निर्णयों का अधिकारी शासन के आदेशों का प्राथमिकता से अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी नगर निकाय क्षेत्रों की वाल्मीकि बस्तियों में विकास कार्य कराने तथा सामुदायिक भवनों का निर्माण कराए जाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों को समय पर वर्दी एवं सुरक्षा उपकरण देने के साथ ही नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए। सभी सफाई कर्मचारियों के आयुष्मान एवं गोल्डन कार्ड बनाने हेतु नगर निकायों द्वारा विशेष कैंप लगाए जाएं। मृतक आश्रित नियुक्ति पर संवेदनशीलता बरतने तथा एसीपी का लाभ समय पर दिलाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि सफाई कार्मिकों की आवास संबंधी समस्याओं का भी निस्तारण किया जाए।