मोदी की कब्र खोदने वाले नफरत की राजनीति कर रहे हैं! राज्यसभा में विपक्ष पर बरसे प्रधानमंत्री मोदी
नई दिल्ली। विपक्षी नेताओं द्वारा बार-बार "मोदी तेरी कब्र खुदेगी" का नारा लगाने वालों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साधा निशाना। पीएम मोदी राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब दे रहे थे। इसी दौरान उन्होंने बिना नाम लिए ही राहुल गांधी पर निशाना साथा। पीएम मोदी ने कहा कि हमारे खिलाफ लगातार एक कैंपेन चलाया जा रहा है, और बार-बार वो (कांग्रेस नेता) कहते हैं मोदी तेरी कब्र खुदेगी। पीएम ने कहा, "हम विकसित भारत की जमीन तैयार कर रहे हैं। कांग्रेस मोदी की कब्र खोदने के कार्यक्रम करवा रही है। मोहब्बत की दुकान खोलने वाले मोदी तेरी कब्र खुदेगी के नारे लगा रहे हैं. ये कौन सी मोहब्बत की दुकान है, जो देश के किसी नागरिक की कब्र खोदने की बात करती है।
पीएम मोदी ने कहा, "क्या इस तरह के नारे लगाना संविधान का अपमान नहीं है। इसके बाद भी वे बयान देंगे, देखो प्रधानमंत्री राज्यसभा में भी रो रहा था। 2002 से 2014 से, पिछले 25 साल से संसद का एक भी सत्र ऐसा नहीं गया, जिसमें मोदी को इस संसद में गाली देने का काम न किया हो इन लोगों ने। मुझसे किसी ने पूछा था स्वास्थ्य का राज, मैंने कहा था कि डेली दो किलो गाली खाता हूं। मोदी की कब्र ये क्यों खोदना चाहते हैं, ये नारा नहीं, इनके भीतर नफरत का प्रतिबिंब है। पीएम ने कहा, "हमने 370 की दीवार गिरा दी, नॉर्थ ईस्ट में बम बारूद की छाया समाप्त कर विकास की राह अपनाई, पाकिस्तानी आतंकियों को घर में घुसकर जवाब देते हैं, ऑपरेशन सिंदूर करते हैं, माओवादी आतंक से देश को मुक्ति दिलाने के लिए साहसपूर्ण कदम उठाते हैं,इसलिए मोदी की कब्र खोदनी है इनको। नेहरू जी ने बहुत बड़ा अन्याय किया था देश के साथ,उसे हमने निलंबित कर दिया, क्या इसलिए कब्र खोदने की बात कर रहे हो।
विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा,ये मोदी की कब्र खोदने पर तुले हुए हैं, यह उनका संस्कार है. जनतंत्र में इस तरह से कौन करता है। कौन-सी मोहब्बत है। ऐसा क्यों, क्योंकि हम ऑपरेशन सिंदूर करते हैं तो उनका तकलीफ होती है। हम 370 खत्म करते हैं, तो उन्हें तकलीफ होती है। हमने माओवादियों पर कार्रवाई की, तो उन्हें तकलीफ होती है। सिंधु जल समझौता हमने सस्पेंड कर दिया, इसलिए वो हमारी कब्र खोदना चाहते हैं। हमने 18 हजार गांवों में बिजली की आपूर्ति करवाई, अनमैन्ड क्रॉसिंग समाप्त करवाया,लाखों लोगों की जिंदगी बचाई, इसलिए वे हमसे चिढ़े हुए रहते हैं, इसलिए उनको मोदी की कब्र खोदनी है। कांग्रेस पर सीधा निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ये लगाते हैं मोहब्बत की दुकान के नारे और खोदते हैं कब्र। खुद रिमोट से सरकार चलाते हैं। लेकिन इनको पता नहीं है कि मेरी सरकार 140 करोड़ जनता की रिमोट से चलती है। पीएम ने कहा कि जिनका पुश्तैनी काम ही चोरी करना है, यहां तक कि उन्होंने गुजराती के सरनेम तक चुरा लिए,वे क्या बात करेंगे।