• Home
  • News
  • Tourists are flocking to the mountains to escape the heat of the plains! Crowds throng the cool valleys of Nainital, and the lake city is buzzing with exciting activities.

मैदानी इलाकों की तपिश से बचने पहाड़ों की ओर रुख कर रहे सैलानी! नैनीताल की ठंडी वादियों में उमड़ी भीड़, रोमांचक एक्टिविटी से गुलजार हुई सरोवर नगरी

editor
  • Awaaz Desk
  • May 24, 2026 09:05 AM
Tourists are flocking to the mountains to escape the heat of the plains! Crowds throng the cool valleys of Nainital, and the lake city is buzzing with exciting activities.

नैनीताल। तराई क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में सैलानी पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। मई की चिलचिलाती धूप और बढ़ते तापमान से परेशान लोग अब ठंडी हवाओं और प्राकृतिक सुंदरता के बीच सुकून के पल बिताने के लिए सरोवर नगरी नैनीताल पहुंच रहे हैं। इन दिनों नैनीताल में पर्यटकों की भारी आमद देखने को मिल रही है, जिससे पूरे शहर में रौनक लौट आई है। शांत वादियों और सुहावने मौसम की तलाश में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे पर्यटक यहां प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के साथ-साथ नैनीझील में नौकायन का भरपूर लुत्फ उठा रहे हैं। झील में रंग-बिरंगी नावों की आवाजाही और पर्यटकों की चहल-पहल ने पूरे वातावरण को जीवंत बना दिया है। सुबह से लेकर शाम तक नैनीझील के किनारे पर्यटकों की भीड़ देखने को मिल रही है। नैनीताल की प्रसिद्ध सरिताताल इन दिनों पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। यहां बच्चे और युवा ट्रांसपेरेंट बॉल में बैठकर पानी पर लुढ़कने का रोमांचक अनुभव ले रहे हैं। इसके साथ ही झील के ऊपर स्काई साइक्लिंग का रोमांच भी पर्यटकों को खासा आकर्षित कर रहा है। ऊंचाई पर साइक्लिंग करते हुए झील और आसपास की वादियों का दृश्य लोगों को रोमांचित कर रहा है।

पर्यटकों का कहना है कि नैनीताल पहुंचकर उन्हें न केवल तराई की उमस और भीषण गर्मी से राहत मिल रही है, बल्कि यहां की ठंडी हवाएं और हरियाली मानसिक सुकून भी दे रही हैं। कई पर्यटकों ने बताया कि पहाड़ों का यह मौसम उनके लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं है। दिल्ली से आए एक पर्यटक ने कहा कि मैदानी इलाकों में तापमान बेहद अधिक है और वहां रहना मुश्किल हो गया है। ऐसे में नैनीताल का मौसम राहत देने वाला है। यहां आकर परिवार के साथ अच्छा समय बिताने का मौका मिल रहा है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के चेहरे भी खिल उठे हैं। होटल, गेस्ट हाउस, रेस्टोरेंट, टैक्सी संचालक और नौकायन व्यवसायियों को अच्छी आमदनी होने लगी है। कारोबारियों का कहना है कि पिछले कुछ समय से पर्यटकों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा हैए जिससे पर्यटन कारोबार को नई ऊर्जा मिली है। नैनीताल के अलावा मुक्तेश्वर, भीमताल और रामगढ़ जैसे पर्यटन स्थलों पर भी वीकेंड के दौरान सैलानियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। इन इलाकों के होटल और होमस्टे लगभग फुल चल रहे हैं। स्थानीय व्यवसायियों का कहना है कि यदि मौसम इसी तरह सुहावना बना रहा तो आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ सकती है।


संबंधित आलेख: