• Home
  • News
  • Tragic accident: An innocent child drowned in a pond under construction in Uttarakhand! He lost his balance while playing with friends and died before reaching the hospital.

दर्दनाक हादसाः उत्तराखण्ड में निर्माणाधीन तालाब में डूबने से मासूम की मौत! दोस्तों के साथ खेलते समय बिगड़ा संतुलन, अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम

editor
  • Awaaz Desk
  • May 18, 2026 09:05 AM
Tragic accident: An innocent child drowned in a pond under construction in Uttarakhand! He lost his balance while playing with friends and died before reaching the hospital.

नानकमत्ता। उधम सिंह नगर जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, यहां नानकमत्ता क्षेत्र में दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। घर के पास निर्माणाधीन तालाब में खेलते समय एक 8 वर्षीय मासूम गहरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मासूम को बचाने के लिए तालाब में उतरी कई महिलाएं भी गहरे पानी में डूबने से बाल-बाल बचीं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार नानकमत्ता क्षेत्र के वार्ड नंबर-6 दहला रोड निवासी विजय पाल का 8 वर्षीय पुत्र देव कुमार रविवार दोपहर अपने दोस्तों के साथ घर के पास बने निर्माणाधीन तालाब के किनारे खेलने गया था। खेलते-खेलते देव कुमार पानी के करीब पहुंच गया और अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते वह गहरे पानी में जा गिरा और डूबने लगा। घटना से घबराए साथ खेल रहे बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास की महिलाएं दौड़कर मौके पर पहुंचीं। मासूम को बचाने की कोशिश में कई महिलाएं भी तालाब में उतर गईं, लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण वे खुद भी डूबने की स्थिति में पहुंच गईं। किसी तरह स्थानीय लोगों की मदद से महिलाओं को बाहर निकाला गया। काफी मशक्कत के बाद देव कुमार को तालाब से बाहर निकाला गया और आनन-फानन में सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और घर में चीख-पुकार मच गई। मृतक के पिता विजय पाल ने बताया कि देव कुमार उनके तीन बेटों में सबसे छोटा था। वह तपेड़ा स्थित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन का छात्र था और पढ़ाई में बेहद होनहार था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कोतवाल संजय पाठक ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और तालाब निर्माण से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जाएगी।
 


संबंधित आलेख: