दर्दनाक हादसाः मध्यप्रदेश के निजी अस्पताल में आग, जिंदा जलकर राख हुए दस लोग! इलाके में अफरा-तफरी, बढ़ सकती है मृतकों की संख्या
नई दिल्ली। मध्यप्रदेश के जबलपुर से एक दुखद खबर सामने आ रही है। यहां एक अस्पताल में आग लगने से 10 लोग जिंदा जलकर राख हो गए, जबकि 13 से अधिक गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि मरने वालों में 4 अस्पताल के स्टाफ हैं और मौतों का आंकड़ा और बढ़ सकता है। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। घायलों के संपूर्ण इलाज का खर्च भी सरकार वहन करेगी।
पुलिस के मुताबिक, जबलपुर के विजय नगर स्थित न्यू लाइफ मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल के एंट्रेस पॉइंट पर दोपहर करीब पौने तीन बजे शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली की कुछ ही देर में तीन मंजिला बिल्डिंग पूरी तरह खाक हो गई। मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में लगी हुई है। दूसरे फ्लोर पर अधिक लोगों की मौत हुई है। घायलों को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद मरीजों को बचाने के दौरान कुछ लोग अंदर गए जो बाहर नहीं निकल सके।


उधर दुर्घटना के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया, “जबलपुर के एक अस्पताल में भीषण अग्नि दुर्घटना का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। स्थानीय प्रशासन और कलेक्टर से निरंतर संपर्क में हूं। मुख्य सचिव को संपूर्ण मामले पर नजर बनाये रखने के लिए निर्देश दिया है। राहत एवं बचाव के लिए हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं। जबलपुर के न्यू लाइफ अस्पताल में आग से हुई दुर्घटना में अमूल्य जिंदगियों के असमय निधन के समाचार से हृदय दु:ख से भरा हुआ है।”

आग की सूचना पर फायर ब्रिगेड का अमला पहुंचा और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। 4 लोगों के शव को बाहर निकाले जा चुके हैं। अस्पताल में करीब 100 लोगों का स्टाफ है। प्रबंधन अस्पताल में भर्ती मरीजों को शिफ्ट कर दिया है।