अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसाः अनियंत्रित कार मकान की छत पर गिरी! चालक की मौके पर मौत, इलाके में पसरा मातम
रानीखेत। अल्मोड़ा जनपद में आज एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां रानीखेत तहसील के अंतर्गत ग्राम देहोली (चौबटिया) में एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी और सीधे एक मकान की छत पर जा टकराई। इस भीषण हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घर को भी भारी नुकसान पहुंचा है। जानकारी के अनुसार वाहन संख्या यूके 02 टीए 3159, जो कि एक वेगनआर कार थी, देहोली क्षेत्र से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। पहाड़ी रास्तों की ढलान और मोड़ के बीच कार सड़क से लगभग 15 से 20 मीटर नीचे जा गिरी और स्थानीय निवासी लाल सिंह के मकान की छत पर जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मकान की छत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले चालक की पहचान 32 वर्षीय भुवन प्रसाद निवासी काफलीगैर, जिला बागेश्वर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय वह कार में अकेले सवार थे। हादसा इतना अचानक और भीषण था कि उन्हें संभलने का कोई मौका नहीं मिला और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत चिकित्सालय भेज दिया है। साथ ही मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद परिजन रानीखेत के लिए रवाना हो चुके हैं।