• Home
  • News
  • Tragic accident in Haldwani: 21-year-old woman faints after leaving her company after completing her duty, dies before reaching hospital

हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा: ड्यूटी पूरी कर कंपनी से बाहर निकलते ही गश खाकर गिरी 21 वर्षीय युवती, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

editor
  • Awaaz Desk
  • May 10, 2026 08:05 AM
Tragic accident in Haldwani: 21-year-old woman faints after leaving her company after completing her duty, dies before reaching hospital

हल्द्वानी। मोटाहल्दू स्थित मदरसन कंपनी में कार्यरत एक 21 वर्षीय महिला कर्मचारी की शनिवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद कंपनी परिसर में हड़कंप मच गया, जबकि मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है। अचानक हुई इस मौत से परिजनों और सहकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। जानकारी के अनुसार हल्द्वानी के ईसाई नगर नंबर-एक लामाचौड़ निवासी 21 वर्षीय रिमझिम पुत्री मनोहर लाल, मोटाहल्दू स्थित मदरसन कंपनी में कार्यरत थी। बताया जा रहा है कि शनिवार को रिमझिम अपनी नियमित ‘ए शिफ्ट’ की ड्यूटी पूरी करने के बाद कंपनी परिसर से बाहर निकली थी। ड्यूटी समाप्त होने के बाद उसने कंपनी के मुख्य द्वार पर कार्ड पंच किया और अन्य महिला कर्मचारियों के साथ बस में बैठने के लिए हाईवे की ओर जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही वह हाईवे की ओर बढ़ रही थी, अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और चलते-चलते वह बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी महिला कर्मचारियों ने तत्काल उसे संभाला और कंपनी प्रबंधन को सूचना दी। आनन-फानन में कंपनी प्रबंधन की मदद से उसे उपचार के लिए डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने रिमझिम की जांच की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवती की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल और कंपनी परिसर में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।

मेहनती और जिम्मेदार कर्मचारी थी रिमझिम 
रिमझिम ने इसी वर्ष फरवरी महीने में मदरसन कंपनी में नौकरी शुरू की थी। वह परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में हाथ बंटाने के लिए काम कर रही थी। कंपनी के एचआर हेड सुभाष तिवारी ने बताया कि रिमझिम मेहनती और जिम्मेदार कर्मचारी थी। उसकी अचानक मौत की खबर से कंपनी प्रबंधन और सहकर्मी स्तब्ध हैं। रिमझिम के परिवार में एक भाई और तीन बहनें हैं, जिनमें से एक बहन की शादी हो चुकी है। परिवार के लिए यह घटना किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।


संबंधित आलेख: