• Home
  • News
  • Tragic accident in Haldwani: A 5-year-old girl was dragged for 20 meters by a roadways bus near Ranibagh. She died on the spot and was pelted with stones by angry people.

हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा: रानीबाग के पास रोडवेज बस ने 5 साल की मासूम को 20 मीटर तक घसीटा! मौके पर मौत, आक्रोशित लोगों ने किया पथराव

editor
  • Awaaz Desk
  • April 20, 2026 11:04 AM
Tragic accident in Haldwani: A 5-year-old girl was dragged for 20 meters by a roadways bus near Ranibagh. She died on the spot and was pelted with stones by angry people.

हल्द्वानी। भीमताल-हल्द्वानी मार्ग पर रानीबाग के पास सोमवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां एक रोडवेज बस की चपेट में आकर पांच साल की मासूम कनक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश और शोक का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार रुद्रपुर डिपो की रोडवेज बस ने बच्ची को सामने से टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बच्ची को टक्कर मारने के बाद कुछ दूरी तक अपने साथ घसीटा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय कनक के साथ दो अन्य बच्चे भी मौजूद थे, जो किसी तरह इस दुर्घटना से बच गए। इस घटना ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में जबरदस्त आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने रोडवेज बस पर पथराव कर दिया, जिससे बस के शीशे टूट गए। इसके बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे के चलते भीमताल-हल्द्वानी मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। तिकोनिया से लेकर भीमताल तिराहा, ज्योलीकोट और सलड़ी तक कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस ने भीड़ को शांत कराया और यातायात को सुचारू करने के प्रयास किए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। मासूम की असमय मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है और लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


संबंधित आलेख: