बिहार में नालंदा में दर्दनाक हादसा: 60 मजदूरों से भरी बस में दौड़ा 11 हजार वोल्ट का करंट,पति-पत्नी की मौत,10 झुलसे
नालंदा। बिहार के नालंदा जिले से एक बेहद दर्दनाक और रूह कँपा देने वाले हादसे की खबर सामने आई है। यहाँ ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने के बाद अपने वतन लौट रहे 60 से अधिक श्रमिकों से भरी एक स्लीपर बस अचानक हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गई। इस भीषण हादसे में करंट की चपेट में आने से एक दंपत्ति (पति-पत्नी) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लगभग 10 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सभी घायलों को इलाज के लिए पावापुरी के विम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक वाकया पावापुरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत शंभु शरण बीएड कॉलेज के पास घटित हुआ। बस में सवार सभी मजदूर बेतिया में ईंट भट्ठे पर मजदूरी का काम खत्म करके अपने पैतृक गाँव घोसरावां लौट रहे थे। सफर शांति से कट रहा था, लेकिन अपने घर पहुँचने से महज दो किलोमीटर पहले ही मौत ने उन्हें घेर लिया। दरअसल, बस की छत पर मजदूरों की साइकिलें लदी हुई थीं। जैसे ही बस बीएड कॉलेज के पास पहुँची, छत पर रखी एक साइकिल का हैंडल सड़क के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार से टकरा गया। प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार, सड़क के ऊपर से गुजर रहा बिजली का तार काफी नीचे लटका हुआ था। साइकिल का हैंडल तार से टकराते ही पूरी स्लीपर बस में तेज करंट दौड़ गया। करंट लगते ही बस के भीतर सो रहे और बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने की जद्दोजहद में कई यात्री चलती बस से ही नीचे कूद पड़े, जबकि कई लोग बस के भीतर ही करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। इस हादसे में घोसरावां के रहने वाले रूदल मांझी (40 वर्ष) और उनकी पत्नी फूलो देवी (35 वर्ष) की तड़प-तड़प कर मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पावापुरी थाना पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुँची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने एम्बुलेंस के जरिए सभी गंभीर घायलों को तत्काल भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान (विम्स), पावापुरी में भर्ती कराया, जहाँ डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का आरोप है कि विभाग की लापरवाही के कारण तार काफी समय से नीचे लटके थे, जिस पर कोई एक्शन नहीं लिया गया। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और प्रशासन ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है।