• Home
  • News
  • Tragic accident in Sahastradhara, Uttarakhand! Man dies after falling into a deep ravine; SDRF conducts rescue operation in the dark.

उत्तराखण्ड के सहस्त्रधारा में दर्दनाक हादसा! गहरी खाई में गिरने से व्यक्ति की मौत, अंधेरे में एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

editor
  • Awaaz Desk
  • April 05, 2026 06:04 AM
Tragic accident in Sahastradhara, Uttarakhand! Man dies after falling into a deep ravine; SDRF conducts rescue operation in the dark.

देहरादून। सहस्त्रधारा क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, यहां एक व्यक्ति की गहरी खाई में गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा इलाके में देर रात उस समय हुआ, जब व्यक्ति टूरिस्ट प्लेस के पास मौजूद था। जानकारी के मुताबिक राजपुर थाना क्षेत्र के आईटी पार्क चौकी अंतर्गत सहस्त्रधारा के पास एक व्यक्ति लगभग 200 से 250 मीटर गहरी खाई में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत एजेंसियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम तुरंत हरकत में आई और आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुई। इलाके की भौगोलिक स्थिति बेहद दुर्गम और खतरनाक थी, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन और भी चुनौतीपूर्ण बन गया। एसडीआरएफ की टीम ने अंधेरे और जोखिम भरे हालात के बीच गहन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत और तकनीकी कौशल का इस्तेमाल करते हुए जवान खाई में गिरे व्यक्ति तक पहुंचने में सफल रहे। हालांकि जब तक टीम वहां पहुंची, तब तक व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। इसके बाद टीम ने शव को सुरक्षित बाहर निकालकर स्थानीय पुलिस को सौंप दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास में जुटी हुई है। साथ ही हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।


संबंधित आलेख: