उत्तराखड में दर्दनाक हादसाः 200 मीटर गहरी खाई में गिरी पिकअप! दो युवकों की मौत, 8 घंटे चला रेस्क्यू अभियान
पिथौरागढ़। उत्तराखण्ड में एक और बड़ा सड़क हादसा हुआ है, यहां पिथौरागढ़ के मुनस्यारी-मिलम मोटर मार्ग पर एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। भीषण दुर्घटना में वाहन सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक वाहन से बाहर छिटक जाने के कारण चमत्कारिक रूप से बच गया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार दुर्घटना रविवार शाम करीब पांच बजे उस समय हुई, जब एक पिकअप वाहन लास्पा गांव से मुनस्यारी की ओर आ रहा था। रड़गाड़ी क्षेत्र के पास पहुंचते ही वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना स्थल बेहद खतरनाक और दुर्गम क्षेत्र में स्थित है, जहां ऊंची-ऊंची चट्टानें और गहरी खाइयां मौजूद हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क से नीचे गिरने के बाद वाहन कई बड़ी चट्टानों से टकराता हुआ सीधे गोरी नदी के किनारे जा पहुंचा। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के समय पिकअप में चालक समेत तीन लोग सवार थे। हादसे के दौरान चालक जगत मेहता, निवासी तेजम, वाहन से बाहर छिटक गया, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि वाहन में सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल होकर चट्टानों के बीच फंस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस और प्रशासन ने मृतकों की पहचान 30 वर्षीय मनेंद्र राम निवासी धारचूला तथा 28 वर्षीय प्रकाश, मूल निवासी नेपाल के रूप में की है। दोनों के शव दुर्घटना के बाद चट्टानों के बीच फंसे हुए मिले। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।