बदरीनाथ हाईवे पर दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी स्कॉर्पियो, शिवपुरी चौकी इंचार्ज विनोद शर्मा की मौत
ऋषिकेश। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में शिवपुरी चौकी इंचार्ज विनोद शर्मा की मौत हो गई। उनकी निजी स्कॉर्पियो वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी। इस दुखद घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार,थाना मुनिकीरेती के अंतर्गत शिवपुरी चौकी इंचार्ज विनोद शर्मा सुबह थाने से अपनी चौकी लौट रहे थे। इसी दौरान शिवपुरी से कुछ पहले बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर उनकी स्कॉर्पियो अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और स्थानीय बचाव दल मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद खाई में गिरे वाहन तक पहुंचकर विनोद शर्मा को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया है। विनोद शर्मा की अचानक हुई मौत की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर फैल गई। साथी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने इसे विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताया। बताया जा रहा है कि विनोद शर्मा सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। अपने अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सरल स्वभाव के कारण वह विभाग में काफी सम्मानित माने जाते थे। मूल रूप से रानीपोखरी क्षेत्र के निवासी विनोद शर्मा लंबे समय से पुलिस सेवा में कार्यरत थे और वर्तमान में शिवपुरी चौकी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। हादसे की खबर उनके परिवार तक पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अधिकारियों ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका वाहन के अनियंत्रित होने की जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। इस दुखद हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर सावधानी और सुरक्षित वाहन संचालन की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।