• Home
  • News
  • Tragic Accident: PAC Jawan Dies of Electrocution While Repairing Electricity Pole

दर्दनाक हादसा: बिजली पोल पर मरम्मत के दौरान करंट लगने से पीएसी जवान की मौत

editor
  • Tapas Vishwas
  • July 14, 2026 02:07 PM
Tragic Accident: PAC Jawan Dies of Electrocution While Repairing Electricity Pole

रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर में बिजली की तकनीकी खराबी ठीक करने के दौरान करंट लगने से 31वीं वाहिनी पीएसी के एक जवान की दर्दनाक मौत हो गई। ड्यूटी पूरी कर घर लौटे जवान बिजली पोल पर चढ़कर समस्या दूर करने का प्रयास कर रहे थे, तभी अचानक करंट की चपेट में आकर नीचे गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद पीएसी और पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान 36 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह रावत पुत्र लाल सिंह रावत के रूप में हुई है। वह वर्ष 2011 बैच के जवान थे और वर्तमान में 31वीं वाहिनी पीएसी की डी कंपनी में कांस्टेबल पद पर तैनात थे। धर्मेंद्र अपने परिवार के साथ रुद्रपुर की बगवाड़ा स्थित ग्रीन व्यू कॉलोनी में रहते थे।

जानकारी के अनुसार सोमवार को धर्मेंद्र सिंह की ड्यूटी शाम चार बजे तक थी। ड्यूटी पूरी करने के बाद वह अपने घर लौटे। इसी दौरान घर में बिजली आपूर्ति बाधित होने पर वह स्वयं तकनीकी खराबी दूर करने के उद्देश्य से बिजली के पोल पर चढ़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही वह पोल पर काम कर रहे थे, अचानक करंट की चपेट में आ गए और संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर पड़े। गिरने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट लगी। हादसे के तुरंत बाद परिजन और आसपास के लोग उन्हें उपचार के लिए एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। जवान की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पत्नी और दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही 31वीं वाहिनी पीएसी के सहायक सेनानायक मिथिलेश सिंह सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और जवान जिला अस्पताल तथा पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। सहायक सेनानायक मिथिलेश सिंह ने बताया कि धर्मेंद्र सिंह रावत एक कर्तव्यनिष्ठ और अनुशासित जवान थे। उनकी असामयिक मृत्यु से पूरी वाहिनी ने एक समर्पित साथी खो दिया है। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के बाद हुए इस हादसे ने पूरे पीएसी परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। धर्मेंद्र सिंह रावत की अचानक हुई मौत से न केवल उनका परिवार, बल्कि पीएसी और पुलिस विभाग भी शोक में डूब गया है। क्षेत्र के लोगों ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए बिजली से जुड़े कार्यों के दौरान पूरी सावधानी बरतने की अपील की है। जवान का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किए जाने की संभावना है।
 


संबंधित आलेख: