दुखदः लखनऊ में नवरात्र के पहले दिन बड़ा हादसा! तालाब में पलटी ट्रैक्टर ट्राली, पांच लोगों की दर्दनाक मौत
लखनऊ। शारदीय नवरात्र के पहले दिन यूपी के लखनऊ में एक बड़ा हादसा हो गया। लखनऊ से करीब 30 किमी दूर इटौंजा में ट्रैक्टर-ट्राली तालाब में पलट गई। हादसे में पांच लोगों की मौत होने की खबर सामने आई है, जबकि 10 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि ट्राली में करीब 55 लोग सवार थे और 46 लोग पानी में गिर गए। हादसा इटौंजा से कुम्हरावां रोड पर गद्दीनपुरवा के पास हुआ है। ये सभी लोग माता के दर्शन करने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि क्षमता से ज्यादा लोग सवार होने के चलते ट्रैक्टर-ट्रॉली नियंत्रित होकर तालाब में पलट गई। फिलहाल लोगों को पानी से बाहर निकालने का ऑपरेशन जारी है। अचानक हुए इस हादसे से चारों तरफ चीख पुकार मच गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और लोगों की मदद से घायलों को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया।