• Home
  • News
  • Tragic road accident: A family's pickup truck, carrying flowers after a funeral, collided with a horse-drawn trolley, killing 9 people.

दर्दनाक सड़क हादसा: अंतिम संस्कार के बाद फूल विसर्जन के लिए जा रहे परिवार की पिकअप घोड़ा ट्रॉली से टकराई, 9 लोगों की मौत

editor
  • Awaaz Desk
  • June 06, 2026 06:06 AM
Tragic road accident: A family's pickup truck, carrying flowers after a funeral, collided with a horse-drawn trolley, killing 9 people.

फिरोजपुर। पंजाब के फिरोजपुर जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर जंगा वाले मोड़ के पास महिंद्रा पिकअप और घोड़ा ट्रॉली (डीसीएम ट्रक) के बीच हुई जबरदस्त टक्कर में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर चीख-पुकार सुनाई देने लगी। स्थानीय लोगों, पुलिस और राहत-बचाव टीमों ने मिलकर घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार जलालाबाद क्षेत्र से एक परिवार अपने रिश्तेदारों के साथ एक बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार के बाद फूल विसर्जन के लिए जा रहा था। महिंद्रा पिकअप वाहन में करीब 25 लोग सवार थे। शनिवार तड़के जब वाहन फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर गांव हुसैनशाह वाला के निकट जंगा वाले मोड़ के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही घोड़ा ट्रॉली से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भयावह थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए। कई लोग वाहन के भीतर बुरी तरह फंस गए और मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।

स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस सेवाओं को सूचना देकर घायलों को बाहर निकालने में मदद की। शुरुआत में चार लोगों की मौत की खबर सामने आई थी, लेकिन अस्पताल में उपचार के दौरान मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हो गई। मृतकों में पुरुषों और महिलाओं दोनों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। वहीं हादसे में घायल हुए 13 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बेहतर उपचार के लिए फरीदकोट मेडिकल कॉलेज सहित अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया हैए जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही फिरोजपुर के एसएसपी भूपिंदर सिंह पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार, सड़क की स्थिति और मोड़ पर दृश्यता की कमी को संभावित कारणों में शामिल माना जा रहा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतकों के घरों में मातम पसरा हुआ है। जिन परिवारों ने अंतिम संस्कार के बाद श्रद्धांजलि स्वरूप फूल विसर्जन के लिए यात्रा शुरू की थी, उन्हें शायद इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि यह सफर इतनी बड़ी त्रासदी में बदल जाएगा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।


संबंधित आलेख: