दर्दनाक सड़क हादसा, सेना के जवान समेत तीन युवकों की मौत
पिथौरागढ़। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सेना के जवान समेत तीन युवकों की जान चली गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा बंगापानी क्षेत्र में उमरगढ़ा के पास उस समय हुआ जब एक कार गहरी खाई में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार दिल्ली संख्या की एक कार पिथौरागढ़ से मुनस्यारी की ओर जा रही थी। सुबह लगभग ग्यारह बजे बंगापानी क्षेत्र के उमरगढ़ा के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। इस दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में एक और युवक ने दम तोड़ दिया। इस प्रकार हादसे में कुल तीन लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि एक घायल का उपचार जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग और राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। जवानों ने खाई में उतरकर घायलों और मृतकों को बाहर निकाला और सड़क तक पहुंचाकर जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ भेजा। हादसे में जान गंवाने वालों में मुनस्यारी के धुरातोली निवासी 30 वर्षीय लक्ष्मण सिंह, छाना निवासी 30 वर्षीय अंकित पांडे और मूल रूप से भट्टीगांव बेरीनाग निवासी आयुष पंत शामिल हैं। लक्ष्मण सिंह भारतीय सेना में तैनात थे और इन दिनों अवकाश पर घर आए हुए थे। अंकित पांडे के पिता बेरीनाग में विकास खंड अधिकारी के पद पर कार्यरत बताए जा रहे हैं। वहीं आयुष पंत विदेश में नौकरी करते थे और पिछले महीने अवकाश पर घर आए थे। घायल देवेंद्र भट्ट का जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि चारों युवक मुनस्यारी घूमने जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। इस दुखद घटना से पूरे जिले में शोक की लहर है। गौरतलब है कि दो दिन पहले बागेश्वर जनपद के कपकोट क्षेत्र में भी एक वाहन करीब सौ मीटर गहरी खाई में गिर गया था, जिसमें दो महिलाओं की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हो गए थे।